Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

“तुमको भी ड्रम और सीमेंट के साथ…” जेई धर्मेंद्र कुशवाहा को पत्नी से मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस

गोंडा के जेई धर्मेंद्र कुशवाहा को पत्नी माया मौर्या से जान से मारने की धमकी मिली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पत्नी के अवैध संबंध के चलते विवाद बढ़ा.

JE Dharmendra Kushwaha

बेंगलुरु के अतुल सुभाष सुसाइड केस और मेरठ के सौरभ हत्याकांड के सदमे के बाद अब गोंडा के जल निगम विभाग के जेई धर्मेंद्र कुशवाहा का मामला चर्चा में है. यहां एक पत्नी ने अपने ही जेई पति को जान से मारने की धमकी दी है, जिससे पूरा मामला चौंकाने वाला बन गया है.

झांसी जिले के रहने वाले जेई धर्मेंद्र कुशवाहा ने अपनी पत्नी माया मौर्या के खिलाफ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी उन्हें ड्रम में काटकर भरने की धमकी दे रही है, बिलकुल मेरठ कांड की तरह. धर्मेंद्र ने निर्माणाधीन घर की दूसरी मंजिल पर रखे ड्रम और सीमेंट की बोरियों को भी पुलिस के सामने रखा.

पति-पत्नी की शादी और विवाद की शुरुआत

धर्मेंद्र कुशवाहा का माया मौर्या से 2016 में प्रेम विवाह हुआ था. शादी के बाद उनकी एक बेटी भी हुई और शुरू में सब कुछ ठीक चल रहा था. हालांकि, माया ने अपने नाम पर तीन टैक्सी गाड़ियां निकलवाने के लिए पति पर दबाव बनाया, जिसे धर्मेंद्र ने स्वीकार किया और अपनी सैलरी से उनकी किस्त भी भरी.

2022 में धर्मेंद्र ने नगर कोतवाली क्षेत्र के डिहवा ग्राम पंचायत में एक जमीन खरीदी और वहां मकान बनाने के लिए माया के दूर के रिश्तेदार नीरज मौर्या को निर्माण का काम सौंपा. इसी दौरान माया का नीरज मौर्या के साथ अवैध संबंध होने का शक धर्मेंद्र को हुआ.

अवैध संबंध और विवाद

7 जुलाई 2024 को धर्मेंद्र ने देखा कि उसकी पत्नी माया अपने रिश्तेदार नीरज मौर्या के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी. इसके बाद धर्मेंद्र ने नीरज मौर्या के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए. इस संबंध का विरोध करने पर माया ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और नीरज के साथ घर छोड़ दिया.

25 अगस्त 2024 को माया नीरज के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंची और जबरदस्ती ताला तोड़कर घर पर कब्जा कर लिया. इसके बाद धर्मेंद्र ने 1 सितंबर 2024 को पत्नी और नीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया.

2 सितंबर 2024 को माया ने अपने साथियों के साथ फिर से धर्मेंद्र के घर पहुंचकर उसकी पिटाई की और कुछ सामान लेकर फरार हो गई. धर्मेंद्र ने 10 अक्टूबर 2024 को फिर से नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया.

वर्तमान स्थिति और पुलिस की कार्रवाई

धर्मेंद्र ने 25 अगस्त 2024 से ही डर के मारे एक अलग किराए के मकान में रहना शुरू कर दिया है. हाल ही में फिर से विवाद और मारपीट के बाद धर्मेंद्र ने डायल 112 पर कॉल किया. दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया, जहां माया ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया.

धर्मेंद्र का कहना है कि माया उन्हें काटकर ड्रम में दफन करने की धमकी दे रही है. दोनों पक्षों का फैमिली कोर्ट में मामला लंबित है, लेकिन हाल ही में हुए विवाद के बाद एसपी के आदेश पर मामला महिला थाना पहुंचाया गया है.

अपर पुलिस अधीक्षक मनोज रावत ने कहा कि शहर कोतवाली में मामला दर्ज है और जांच की जा रही है. पुलिस जल्द ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की आगे जांच करेगी.


ये भी पढ़ें: ‘पीएम मोदी का समय खत्म हो गया है’, संजय राउत के बयान पर देवेंद्र फडणवीस का पलटवार, जानें क्या कहा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital