Gonda Video Viral: उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर भले ही खाकी बड़े-बड़े दावे ठोकती रहे, लेकिन जमीनी हकीकत आज एक बार फिर तार-तार हो गई है. गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ पुलिसिया गश्त के दावों की पोल खोल दी है बल्कि मनचलों के बेखौफ हौसलों को भी उजागर कर दिया है.
यहां बीच बाजार एक युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ करने की कोशिश एक मनचले को इतनी भारी पड़ गई कि उसे सात जन्मों तक अपनी गलती याद रहेगी. युवक की बदतमीजी का जवाब युवती ने कानून के भरोसे रहने के बजाय अपनी चप्पल से ‘ऑन-स्पॉट’ दे डाला.
“और करोगे बदतमीजी…” कहकर बरसाईं चप्पलें
सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो (Gonda Video Viral) आग की तरह फैल रहा है, जिसमें एक युवती का ‘लेडी सिंघम’ अवतार देखने को मिल रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक युवती के साथ जबरन बदतमीजी और छेड़खानी करने की कोशिश करता है. लेकिन पुलिस की कार्यशैली से वाकिफ युवती ने बिना डरे अपनी चप्पल हाथ में थाम ली.
इसके बाद युवती ने “और करोगे बदतमीजी… और करोगे बदतमीजी…” कहते हुए उस मनचले पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ चप्पलें बरसानी शुरू कर दीं. बीच बाजार सरेआम हुई इस चप्पल परेड से मनचले के आशिक मिजाज के सारे भूत तुरंत उतर गए और वह अपनी जान बचाकर भागने की फिराक में दिखने लगा.
बड़गांव चौकी के ठीक पास हुआ कांड(Gonda Video Viral)
इस पूरी घटना की सबसे हैरान और शर्मनाक बात यह है कि यह पूरा तमाशा बड़गांव पुलिस चौकी के बिल्कुल पास, स्टेशन रोड पर अंजाम दिया गया. पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर दिन-दहाड़े एक युवती के साथ छेड़छाड़ हो जाती है और वहां कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आता.
इस घटना ने गोंडा पुलिस की मुस्तैदी और महिला सुरक्षा के दावों की सरेआम धज्जियां उड़ा दी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के मुहाने पर युवतियां सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर पूरे शहर में सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
ये भी पढ़ें: ‘सुपर पावर’ मोड में NDA! पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में ‘सुपर 75’ का महाजुटान; जानें क्या है खास?
सोशल मीडिया पर युवती की तारीफ
जब युवती अकेले ही उस मनचले को चप्पलों से सबक सिखा रही थी, तब बाजार में मौजूद तमाम लोग हमेशा की तरह मूकदर्शक और तमाशबीन बने वीडियो रिकॉर्ड करते रहे. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस को जमकर कोस रहे हैं और युवती के इस अदम्य साहस की तारीफों के पुल बांध रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि मनचलों का इलाज अब खाकी के भरोसे नहीं, बल्कि इसी तरह ‘सेल्फ-डिफेंस’ और ऑन-स्पॉट इंसाफ के जरिए ही संभव है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

