Bharat Express DD Free Dish

नेपाल की तबाही का खौफनाक असर! गंडक में बहकर गोपालगंज पहुंचे इंसानी शव, नदी किनारे मची सनसनी

Gopalganj Gandak River Dead Bodies: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया है और गोपालगंज में नदी के तेज बहाव के साथ मानव व मवेशियों के शव पहुंच रहे हैं. यादोपुर-मंगलपुर पुल के पास शव देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। प्रशासन ने नाव चलाने और मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है.

Gopalganj Gandak River Dead Bodies bharat express

Gopalganj Gandak River Dead Bodies- bharat express

Gopalganj Gandak River Dead Bodies: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा का असर अब बिहार के गोपालगंज जिले में भी दिखाई देने लगा है. नेपाल की पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में आई बाढ़ और जलप्रलय के बाद गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदी के तेज बहाव में बहकर इंसानों और जानवरों के शव गोपालगंज के तटीय इलाकों तक पहुंच रहे हैं. इन घटनाओं से नदी किनारे बसे लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है.

पुल के पास शव देखने के लिए जुटी भीड़

बताया जा रहा है कि यादोपुर-मंगलपुर पुल के आसपास सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट रही है. लोग पुल के ऊपर से नदी के तेज बहाव में बहते शवों को देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग पुल के नीचे नदी किनारे पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही दिन में कम से कम तीन मानव शव और कई मवेशियों के शव या अवशेष बहते हुए दिखाई दिए हैं. लोगों का अनुमान है कि ये शव नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ की चपेट में आए लोगों और जानवरों के हो सकते हैं. हालांकि, मानव शवों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

अपनों की तलाश कर रहे परिवारों को मिल सकती है जानकारी

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी में बहकर आए शवों को जल्द से जल्द बाहर निकलवाया जाए और उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की जाए. लोगों का कहना है कि यदि शवों की पहचान संभव हो पाती है तो नेपाल में आपदा के दौरान लापता हुए लोगों के परिजनों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. वहीं, लंबे समय तक नदी में शव पड़े रहने से तटवर्ती इलाकों में संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी जताई जा रही है. ग्रामीणों के मुताबिक नदी की धारा इतनी तेज है कि शव किसी एक स्थान पर रुकने के बजाय लगातार आगे बहते जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! 3-4 बार पलटी तेज रफ्तार थार, चार युवकों की दर्दनाक मौत

मवेशियों के शव भी बहकर पहुंच रहे

स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में मानव शवों के अलावा कई जानवरों के शव भी दिखाई दे रहे हैं. इनमें जंगली सुअर, भैंस और अन्य मवेशियों के शव शामिल बताए जा रहे हैं. नदी के किनारे ऐसे दृश्य देखकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंडक नदी में नाव चलाने और मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है. नदी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने तटवर्ती इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता नदी में बहकर आए शवों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना और उनकी पहचान कराना है. साथ ही लोगों को नदी के किनारे जाने और तेज बहाव के करीब पहुंचने से बचने की सलाह दी जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read