UP News: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर बीटा-1 में उस समय सनसनी फैल गई जब सिग्मा अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन इमारत के एक कमरे से तेज बदबू आने लगी. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में एक नाइजीरियाई नागरिक का शव पाया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है.
मृतक की पहचान माइक के रूप में
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी. फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की गई. मृतक की पहचान माइक नामक नाइजीरियाई नागरिक के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि शव कई दिनों से कमरे में पड़ा था, जिससे बदबू फैल रही थी.
निर्माणाधीन परिसर में रह रहा था
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 39 साल थी और वह मानसिक व शारीरिक रूप से अस्वस्थ था. आसपास के लोगों ने बताया कि वह अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था और पिछले कुछ दिनों से निर्माणाधीन इमारत में ही रह रहा था.
संदिग्ध हालात में मौत
पुलिस ने कहा कि शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी मौत हुई होगी. हालांकि हादसे या अन्य कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के संपर्क में रहने वालों से पूछताछ कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह सामने आएगी. अभी हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है ताकि मौत के पीछे की सच्चाई का पता लगाया जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

