Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

गुजरात के उद्योगों को बड़ी सौगात, PM मोदी करेंगे 271 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

गुजरात में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साणंद और नरोडा इंडस्ट्रियल एस्टेट में 271.20 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

गुजरात में उद्योगों को और मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के पास स्थित साणंद और नरोडा औद्योगिक क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इन प्रोजेक्ट्स पर कुल करीब 271.20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इन्हें गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) ने तैयार किया है.

इन परियोजनाओं में साणंद इंडस्ट्रियल एस्टेट में तैयार किया गया 244 करोड़ रुपये का ड्रेनेज सिस्टम है. हर साल मानसून के दौरान यहां पानी भरने की समस्या उद्योगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती थी. अब इस नए सिस्टम के जरिए इस समस्या से हमेशा के लिए राहत मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से साणंद को ‘जीरो वॉटर लॉगिंग’ जोन में बदला जा सकेगा.

करीब 2,056 हेक्टेयर में फैले इस औद्योगिक क्षेत्र में 1,150 से ज्यादा यूनिट्स काम कर रही हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल और फार्मा जैसे बड़े सेक्टर शामिल हैं. ऐसे में बेहतर ड्रेनेज सिस्टम से यहां कामकाज और सुचारू हो जाएगा.

यहां 18.71 किलोमीटर लंबी कंक्रीट स्टॉर्म वॉटर ड्रेन बनाई गई है, जो पूरे एस्टेट के दोनों किनारों से पानी को बाहर निकालने में मदद करेगी. इसके अलावा, साणंद-विरमगाम हाईवे के पास एंट्री पॉइंट्स पर 18.35 किलोमीटर लंबा एक और ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया गया है.

नरोडा इंडस्ट्रियल एस्टेट को भी मिला अपग्रेड

वहीं, नरोडा इंडस्ट्रियल एस्टेट में भी 27.20 करोड़ रुपये की लागत से कई सुधार किए गए हैं. यह क्षेत्र 1963 में स्थापित हुआ था और राज्य के सबसे पुराने औद्योगिक इलाकों में गिना जाता है.

यहां सड़कों को मजबूत और चौड़ा किया गया है, साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए नए ड्रेनेज सिस्टम बनाए गए हैं. प्राकृतिक नालों को भी व्यवस्थित किया गया है ताकि पानी जमा न हो.

इसके अलावा, करीब 1.19 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पैदल चलने के रास्ते और पार्किंग के लिए पक्की सुविधाएं विकसित की गई हैं. आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, हाई-मास्ट लाइट्स, सुरक्षा के लिए केबिन और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं.

उद्योगों को मिलेगा सीधा फायदा

इन सभी सुधारों का सीधा फायदा हजारों छोटे और बड़े उद्योगों को मिलेगा. बेहतर सड़कों और ड्रेनेज से माल की आवाजाही तेज होगी और लॉजिस्टिक्स भी ज्यादा आसान हो जाएगा. इससे उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कामकाज में रुकावट कम होगी.

सरकार का मानना है कि मजबूत और भरोसेमंद इंफ्रास्ट्रक्चर से गुजरात में निवेश का माहौल और बेहतर बनेगा, खासकर विदेशी निवेशकों के लिए यह एक सकारात्मक संकेत होगा.

ये भी पढ़ें- “देश के दो ही खलनायक: मुसलमान और सवर्ण!” बिहार में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा धमाका; बयान से मचा सियासी बवाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital