Gurugram Crime News: त्रिपुरा से आंखों में भविष्य के सुनहरे सपने लेकर एक 19 साल की लड़की गुरुग्राम आती है. वह यहां की जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी से बीएससी (बायोटेक) की पढ़ाई कर रही थी. लेकिन, ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर मिली ‘मोहब्बत’ ने उसकी जिंदगी को एक ऐसे नर्क में धकेल दिया जहां से निकलने की कीमत जिंदगी भर चुकानी पड़ेगी. गुरुग्राम के सेक्टर-69 के एक पीजी (PG) से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली किसी हॉरर फिल्म जैसी कहानी आई है. 19 साल के लिव-इन पार्टनर शिवम ने शक की आग में अपनी ही प्रेमिका को ऐसी यातनाएं दीं, जिसे सुनकर पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए.
Gurugram का ‘खौफनाक’ कमरा
पुलिस (Gurugram Police) की एफआईआर (FIR) के मुताबिक, सितंबर 2025 में पीड़िता की मुलाकात दिल्ली के नरेला निवासी 19 वर्षीय शिवम से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. शिवम ने शादी का झांसा देकर पहले शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसका विश्वास जीतकर उसे लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रहने के लिए मना लिया. दोनों गुरुग्राम की ‘सेक्टर 33 ओवर होम्स सोसाइटी’ और फिर ‘ग्लोबल हाइट’ में साथ रहने लगे.
लेकिन जनवरी 2026 आते-आते प्यार की जगह ‘शक’ ने ले ली. 13 फरवरी 2026 को शिवम ने सेक्टर-69 में एक पीजी लिया और लड़की को वहां रहने के लिए मजबूर किया. यहीं से शुरू हुआ यातनाओं का वह खौफनाक दौर, जिसने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं.
3 दिन का नर्क और हैवानियत
16 फरवरी 2026… यह वो दिन था जब शिवम पूरी तरह हैवान बन चुका था. उसने लड़की को कमरे में बंधक बना लिया. उसने लड़की को मुक्कों और लातों से बेतहाशा पीटा. स्टील की बोतल से उसका सिर फोड़ दिया और बाल पकड़कर सिर अलमारी और दीवार पर दे मारा. पिटाई से जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने लड़की के प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डाला और लाइटर से आग लगा दी. चाकू से उसके पैरों पर वार किए और शरीर के कई हिस्सों को सिगरेट/लाइटर से दागा.
इस तड़प के बीच हैवान शिवम ने लड़की का न्यूड वीडियो (Nude Video) रिकॉर्ड किया ताकि वह पुलिस के पास न जा सके. उसने धमकी दी ‘मैं तुझे इस हालत में छोड़ूंगा कि तू न कभी चल पाएगी और न कभी मां बन पाएगी.
‘लोकल भाषा’ का वो मास्टरमाइंड कदम
18 फरवरी की रात, जब दर्द बर्दाश्त के बाहर हो गया, तो लड़की ने मौत को चकमा देने की एक आखिरी कोशिश की. उसने मौका पाकर अपनी मां (जो त्रिपुरा पुलिस में अधिकारी बताई जा रही हैं) को फोन मिलाया. आरोपी शिवम उसकी बात न समझ सके, इसलिए लड़की ने अपनी मां से अपनी ‘लोकल (मातृ) भाषा’ में बात की और रोते हुए कहा कि मां, मुझे बचा लो, नहीं तो मैं मर जाऊंगी. बेटी की चीख सुनकर मां ने तुरंत 112 पर कॉल कर हरियाणा पुलिस को पीजी का पता दिया. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर लड़की को खून से लथपथ और अधमरी हालत में रेस्क्यू किया.
सफदरजंग के ICU में जिंदगी की जंग
शुरुआत में सेक्टर-10 के अस्पताल में भर्ती कराने के बाद, लड़की की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल (Safdarjung Hospital) रेफर कर दिया गया. जब वह बयान देने लायक हुई, तब जाकर इस खौफनाक टॉर्चर का पर्दाफाश हुआ.
ये भी पढ़ें: सिलाई की आड़ में भारत की बर्बादी! दिल्ली पुलिस ने खोला लश्कर का खौफनाक प्लान; तमिलनाडु-बंगाल से 8 संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने क्या कानूनी कार्रवाई की है? (Gurugram Police Action)
हरियाणा पुलिस ने 19 फरवरी 2026 को आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर नए कानून BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 115(2), 118(1), 118(2), 127(2), 69 और 351(2) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़िता की मां ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए दरिंदे के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


