Bharat Express DD Free Dish

हिमाचल प्रदेश के करसोग में बादल फटा, 1 की मौत, घर समेत बह गए 7 लोग

करसोग के मेगली गांव में नाले का पानी अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया. तेज बहाव की वजह से करीब 8 घरों को नुकसान हुआ है, वहीं दो दर्जन से ज़्यादा गाड़ियां बह गईं या क्षतिग्रस्त हो गईं.

himachal pradesh

हिमाचल प्रदेश के करसोग के मेगली गांव में सोमवार रात बादल फटने से तबाही मच गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पानी की तेज़ धार में एक घर बह गया. बताया जा रहा है कि घर में मौजूद 7 लोग लापता हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

इधर, भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं को देखते हुए मंडी ज़िले में प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.

टनल के पास फ्लाईओवर पर गिरी पहाड़ी

मनाली-मंडी फोरलेन पर टनल के पास फ्लाईओवर पर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे ट्रैफिक बुरी तरह बाधित हो गया है.

मेगली में नाले ने मचाई तबाही

करसोग के मेगली गांव में नाले का पानी अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया. तेज बहाव की वजह से करीब 8 घरों को नुकसान हुआ है, वहीं दो दर्जन से ज़्यादा गाड़ियां बह गईं या क्षतिग्रस्त हो गईं. गांव के लोगों ने किसी तरह ऊंचे स्थानों पर पहुंचकर जान बचाई.

ये भी पढ़ें- तेलंगाना फार्मा प्लांट ब्लास्ट में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 32, अभी भी चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन, सीएम रेवंत रेड्डी करेंगे घायलों से मुलाकात

पंडोह में आधी रात को भागे लोग

मंडी के पंडोह इलाके में नाले ने रौद्र रूप धारण कर लिया. पानी इतना बढ़ गया कि गांव में घुस गया. हालात बिगड़ते देख लोग रात के अंधेरे में ही घर छोड़कर सड़क की ओर भागे. स्थानीय पुलिस कैंप ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की है.

धर्मपुर का बाजार और बस अड्डा जलमग्न

धर्मपुर में नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर करीब 20 फीट ऊपर तक पहुंच गया. तेज बहाव की चपेट में आकर बाजार और बस अड्डा पूरी तरह जलमग्न हो गया. कई दुकानों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है.

थुनाग में घरों में घुसा पानी

हिमाचल प्रदेश के थुनाग कस्बे में मुख्य सड़क नाले में तब्दील हो गई. पानी कई घरों में घुस गया. लोग पूरी रात जागते रहे ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते बाहर निकल सकें.

फिलहाल पूरे मंडी और आसपास के इलाकों में राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर जारी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read