Bharat Express DD Free Dish

प्रेम में खौफनाक अंत: प्रस्ताव ठुकराने पर महिला की हत्या, आरोपी ने शव के 3 टुकड़े किए

कोलकाता के टॉलीगंज में एक महिला की हत्या कर उसके शव के टुकड़े अलग-अलग जगह फेंक दिए गए. आरोपी ब्रदर-इन-लॉ अतीउर रहमान लस्कर ने प्रस्ताव ठुकराए जाने पर वारदात को अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया.

crime
Vikash Jha Edited by Vikash Jha

दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज इलाके में शुक्रवार को एक कूड़े के ढेर से महिला का कटा हुआ सिर मिलने के बाद पुलिस ने चौंकाने वाला मामला सुलझाया. पुलिस ने इस वारदात के आरोपी, महिला के ब्रदर-इन-लॉ अतीउर रहमान लस्कर को गिरफ्तार कर लिया है. उसने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार किया है.

हत्या का कारण और घटना का सिलसिला

मृतका, जो घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी, अपने ब्रदर-इन-लॉ लस्कर के साथ रोज काम पर जाया करती थी. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण उपनगरीय) बिदिशा कलिता के मुताबिक, लस्कर महिला के साथ प्रेम संबंध बनाना चाहता था, लेकिन जब उसने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो आरोपी का गुस्सा बेकाबू हो गया.

पिछले एक हफ्ते से महिला ने लस्कर से दूरी बना ली थी और उसका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था. बृहस्पतिवार शाम को, लस्कर ने महिला को एक निर्माणाधीन इमारत में ले जाकर उसका गला घोंट दिया. इसके बाद उसने उसके शव को तीन हिस्सों में काटा.

शव के टुकड़े अलग-अलग जगहों पर मिले

महिला का कटा हुआ सिर शुक्रवार को ग्राहम रोड के पास कूड़े के ढेर में मिला, जबकि धड़ और शरीर का निचला हिस्सा शनिवार को रीजेंट पार्क इलाके के एक तालाब के पास बरामद हुआ.

पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला

हत्या के बाद इलाके में मचे हड़कंप के बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर स्थित उसके पैतृक गांव बसुलडांगा से गिरफ्तार कर लिया गया.

ये भी पढ़ें- शिवखोड़ी तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकी हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई, NIA ने 1 आरोपी के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

आरोपी का अपराध स्वीकार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसने महिला की हत्या गुस्से और आक्रोश में की. वह उसके द्वारा प्रस्ताव ठुकराने और दूरी बनाए रखने से नाराज था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अपराध में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. महिला की उम्र 35-40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read