Housing Price Index India 2025: देश के 13 बड़े शहरों में आवास कीमत सूचकांक (Housing Price Index) मार्च 2025 में सालाना आधार पर आठ अंकों की बढ़त के साथ 132 तक पहुंच गया है. यह बढ़ोतरी आवासीय संपत्तियों की मजबूत मांग के चलते दर्ज की गई है. यह जानकारी आरईए इंडिया (REA India) और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) की ताज़ा रिपोर्ट में दी गई है.
यह सूचकांक, जो आरईए इंडिया के रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म हाउसिंग.कॉम और आईएसबी की संयुक्त पहल है, इन 13 शहरों के दामों के रुझान को ट्रैक करता है — अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, फरीदाबाद, गांधीनगर, गाज़ियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई, नोएडा और पुणे.
रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2024 में यह इंडेक्स 124 अंक पर था, जो मार्च 2025 में बढ़कर 132 हो गया. हालांकि, फरवरी 2025 की तुलना में इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ. जनवरी 2025 में यह सूचकांक 131 अंक पर था.
आरईए इंडिया (हाउसिंग.कॉम) के सीईओ प्रवीन शर्मा ने कहा कि, ‘भारतीय आवास बाजार इस समय स्वस्थ समेकन (Healthy Consolidation) के दौर से गुजर रहा है. लंबे समय से जारी कीमतों में तेज वृद्धि के बाद अब हम स्थिरता देख रहे हैं. यह ठहराव जहां सतर्क खरीदार भावनाओं और आपूर्ति में समायोजन को दर्शाता है, वहीं यह आने वाले समय में टिकाऊ विकास की नींव भी रख रहा है.’
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह रुझान निकट भविष्य में जारी रहेगा, जिससे असली घर खरीददार (End-users) फिर से बाजार में लौट सकते हैं. उन्होंने कहा कि हाल में ब्याज दरों में कटौती, बढ़ती आय और बेहतर जीवनशैली की चाहत जैसे कारक लंबे समय में आवास क्षेत्र की मजबूती को बनाए रखेंगे.
आईएसबी में अर्थशास्त्र और सार्वजनिक नीति के सहायक प्रोफेसर शेखर तोमर ने कहा कि कीमतों की स्थिरता एक परिपक्व और संतुलित आवास बाजार का संकेत है.
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि 2025 की शुरुआत में कीमतों का स्थिर रहना वैश्विक आर्थिक दबाव, खरीदारों की सावधानी और नए प्रोजेक्ट लॉन्च में कमी का परिणाम है.
ये भी पढ़ें: 2030 तक भारत बनेगा दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा खुदरा बाजार: Reliance Industries
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


