Hyderabad Baby Sale Case
Hyderabad Baby Sale Case: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बालापुर इलाके में पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए महज चार दिन की नवजात बच्ची को बेचे जाने की कोशिश को विफल कर दिया. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर मासूम बच्ची को सुरक्षित बचा लिया और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
5 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
पुलिस के अनुसार, चंद्रयानगुट्टा निवासी वहीदा खातून ने बरकस क्षेत्र की पीली दरगाह में रहने वाली मेहरुन्निसा से संपर्क कर नवजात बच्ची को बेचने का प्रस्ताव दिया था. शुरुआत में बच्ची की कीमत 6 लाख रुपये तय की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ. पहले यह लेनदेन शाहीन नगर में होना था, लेकिन बाद में स्थान बदलकर पहाड़ी शरीफ स्थित जेजीआर फंक्शन हॉल के पास कर दिया गया.
सामाजिक कार्यकर्ता की सूचना से खुला मामला
इस पूरे मामले की भनक लगने पर सामाजिक कार्यकर्ता सफिया माही ने तुरंत बालापुर पुलिस को सूचना दी. पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ता ने मिलकर आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई. जैसे ही बच्ची का सौदा पूरा होने वाला था, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया. मौके से वहीदा खातून को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: दांत से जीभ कट जाए तो दांत नहीं तोड़ते…! CJP के प्रोटेस्ट में भद्दे कमेंट कसने वालों पर क्या बोले पीएम मोदी?
अस्पताल से छुट्टी के बाद रची गई साजिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की मां गोलकोंडा क्षेत्र की रहने वाली है. उसने मंगलवार को एक अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था और घटना वाले दिन ही उसे मलकपेट स्थित अस्पताल से छुट्टी मिली थी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नवजात को बेचने की योजना किन परिस्थितियों में बनाई गई और इसमें परिवार या अन्य लोगों की क्या भूमिका थी.
मानव तस्करी के एंगल से जांच जारी
बालापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस कथित सौदे के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं. साथ ही बच्ची की सुरक्षा और उसके भविष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों से भी समन्वय किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
