Urdu Conclave 2026

Dehradun: ऐतिहासिक पलों का गवाह बना IMA, श्रीलंकाई सेना प्रमुख ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी

आईएमए ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक देश और विदेश की सेनाओं को 66,000 से अधिक सैन्य अधिकारी दिए हैं. इनमें लगभग 3,000 अधिकारी मित्र देशों की सेनाओं के लिए तैयार किए गए हैं.

IMA

IMA पासिंग आउट परेड.

IMA Passing Out Parade: देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया. ये ऐतिहासिक पल था क्योंकि परेड की सलामी इसी के पूर्व कैडेट और वर्तमान में श्रीलंकाई सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल लासांथा रोड्रिगो ने ली.

451 कैडेट हुए पास आउट

लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. इस ऐतिहासिक अवसर पर 451 जेंटलमैन कैडेट पास आउट हुए, जिनमें से 419 भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करेंगे, जबकि 32 कैडेट नौ मित्र देशों की सेनाओं का हिस्सा बनेंगे. परेड का आयोजन अकादमी के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वायर पर किया गया. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

परेड के बाद पीपिंग और ओथ सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें 156वें रेगुलर कोर्स और 139वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स के कैडेटों ने शपथ ली. यह समारोह युवा सैन्य अधिकारियों के लिए देश सेवा की दिशा में पहला कदम है.

IMA ने अब तक दिए 66 हजार सैन्य अधिकारी

आईएमए ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक देश और विदेश की सेनाओं को 66,000 से अधिक सैन्य अधिकारी दिए हैं. इनमें लगभग 3,000 अधिकारी मित्र देशों की सेनाओं के लिए तैयार किए गए हैं. आज की परेड के साथ यह गौरवशाली आंकड़ा और बढ़ गया. समारोह में कैडेटों ने अनुशासन, समर्पण और सैन्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.

यह भी पढ़ें- ईरान पर हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने PM Modi से की बात, भारत का जोर- शांति और स्थिरता जल्द बहाल हो

इस अवसर पर लासांथा रोड्रिगो ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि आईएमए की कठिन ट्रेनिंग ने उन्हें न केवल एक सैनिक, बल्कि एक जिम्मेदार नेता बनाया है. उन्होंने युवा अधिकारियों को देश सेवा में निष्ठा और साहस के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. यह पासिंग आउट परेड न केवल कैडेटों के लिए, बल्कि उनके परिवारों और आईएमए के लिए भी गर्व का क्षण है. यह आयोजन भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा और मित्र देशों के साथ सैन्य सहयोग को और मजबूत करता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read