स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर गृह मंत्रालय ने देशभर के 1,090 पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस (HG&CD) तथा सुधार सेवाओं के कर्मियों को वीरता एवं सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है.
गृह मंत्रालय के अनुसार, इनमें 233 कर्मियों को वीरता पदक (Gallantry Medal – GM), 99 कर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस विशिष्ट सेवा पदक (PSM) तथा 758 कर्मियों को पुलिस मेरिटोरियस सर्विस मेडल (MSM) प्रदान किए जाएंगे.

वीरता पदक प्राप्तकर्ता
कुल 233 वीरता पदकों में से 226 पुलिसकर्मियों, 6 अग्निशमन कर्मियों और 1 होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस कर्मी को सम्मानित किया जाएगा. इन पदकों में से 54 कर्मी वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों, 152 जम्मू-कश्मीर, 3 पूर्वोत्तर और 24 अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट साहसिक कार्य के लिए चुने गए हैं.

विशिष्ट सेवा पदक प्राप्तकर्ता
99 राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदकों में 89 पुलिस सेवा, 5 अग्निशमन, 3 सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड तथा 2 सुधार सेवाओं के कर्मियों को यह सम्मान दिया जाएगा.
मेरिटोरियस सर्विस मेडल प्राप्तकर्ता
758 मेरिटोरियस सर्विस मेडल में 635 पुलिस सेवा, 51 अग्निशमन, 41 सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड और 31 सुधार सेवाओं के कर्मियों को दिया जाएगा.
इन पुरस्कारों का उद्देश्य देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जन-सेवा में योगदान देने वाले कर्मियों के साहस, निष्ठा और समर्पण को सम्मानित करना है. यह सम्मान न केवल उनके साहसिक कार्यों की पहचान है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी कर्तव्य और सेवा के मार्ग पर प्रेरित करेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



