Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की ऐतिहासिक मुलाकात से निकली समझौतों की सौगात, देखें लिस्ट

पीएम मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने पर सहमति जताई है. इसके अलावा रक्षा, अंतरिक्ष, AI और पर्यटन में कई अहम समझौते हुए हैं.

india-italy-bilateral-trade-20-billion-euros-2029-pm-modi-giorgia-meloni-agreements

भारत-इटली ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब यूरो तक पहुंचाने पर जताई सहमति. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का लाभ उठाकर वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने पर सहमति जताई. दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों देशों ने आर्थिक और व्यापारिक संबंधों में आई नई गति, बढ़ते निवेश और दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया.

संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष आयोजित तीन बिजनेस फोरम के आदान-प्रदान का स्वागत किया. उन्होंने रक्षा, डिजिटल, ऊर्जा परिवर्तन, बुनियादी ढांचा और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय और इतालवी उद्योगपतियों तथा सीईओ से भी मुलाकात की. बयान में कहा गया, “दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने और इसके शीघ्र क्रियान्वयन का आह्वान किया.”

अंतरिक्ष, एआई और अत्याधुनिक तकनीक पर जोर

दोनों नेताओं ने दोनों देशों के शोधकर्ताओं और वैज्ञानिक संस्थानों के बीच बढ़ते सहयोग पर संतोष जताया. उन्होंने इटालियन स्पेस एजेंसी और इसरो के बीच जारी सहयोग तथा वाणिज्यिक अंतरिक्ष साझेदारी को मजबूत करने के प्रयासों का स्वागत किया. इसके साथ ही दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया.

बयान में कहा गया कि भारत की प्रतिभाशाली कार्यशक्ति और इटली की तकनीकी क्षमता के तालमेल से इन क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी ने कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ठोस परियोजनाओं पर काम करने की इच्छा जताई और आईएमईसी के क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

समुद्री विरासत, सांस्कृतिक सहयोग और रक्षा समझौते

दोनों नेताओं ने गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर के विकास में सहयोग और भारत से नर्सों की भर्ती को लेकर भारत और इटली के बीच हुए समझौतों का भी स्वागत किया. संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने इटली में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की और छात्रों, शोधकर्ताओं तथा शिक्षाविदों की आवाजाही को आसान बनाने पर सहमति जताई. साथ ही वर्ष 2027 को “भारत-इटली संस्कृति और पर्यटन वर्ष” के रूप में मनाने का फैसला किया गया.

प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी सरकार और जनता की ओर से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री मेलोनी का आभार जताया और उन्हें सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया. दोनों नेताओं ने रक्षा क्षेत्र में संयुक्त आशय घोषणा और रक्षा उत्पादों के सह-डिजाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए औद्योगिक रोडमैप पर हस्ताक्षर का भी स्वागत किया.

ये भी पढ़ें: जब ‘मेलोनी’ को मिली ‘मेलोडी’! पीएम मोदी के इस मीठे गिफ्ट ने इंटरनेट पर मचाया तहलका, व्यूज जानकर उड़ जाएंगे होश

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital