India Japan summit: नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच गुरुवार को द्विपक्षीय वार्ता हुई. यह बैठक 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन का हिस्सा थी. ताकाइची प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार भारत आई हैं और तीन दिवसीय दौरे पर हैं.
पीएम मोदी का खास संबोधन
प्रेस वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने ताकाइची को छोटी बहन कहकर संबोधित किया. उन्होंने कहा कि जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री का भारत में स्वागत करना उनके लिए खुशी की बात है. पीएम मोदी ने ताकाइची को दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि भारत-जापान साझेदारी तकनीकी सहयोग के जरिए और मजबूत होगी. इसी दिशा में दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर संयुक्त बयान जारी किया.
साझा सांस्कृतिक विरासत का जिक्र
पीएम मोदी ने ताकाइची के नारा प्रीफेक्चर से आने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत-जापान की साझा बौद्ध विरासत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि भारत-जापान की दोस्ती दशकों से ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में भारत की विकास यात्रा का अहम हिस्सा रही है. ताकाइची की यात्रा से दोनों देशों की स्पेशल स्ट्रेटजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप का नया अध्याय शुरू होगा.
आर्थिक और तकनीकी सहयोग
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान दोनों ही दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्वतंत्रता और स्थिरता उनकी साझा प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि जापान की प्रीसिजन टेक्नोलॉजी और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमता मिलकर वैश्विक एआई विकास को नई दिशा देंगे. रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों ने पहला को-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शुरू करने पर सहमति जताई है.
निवेश और व्यापारिक समझौते
पिछले एक साल में भारत और जापान के बीच करीब 120 नए व्यावसायिक समझौते हुए हैं. इनसे भारत में 10 बिलियन डॉलर से अधिक का जापानी निवेश आया है. पीएम मोदी ने कहा कि यह साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में और भी बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें-आर्टिस्ट की सिफारिश पर पीएम ताकाइची ने छेड़े ‘संतूर के तार’, ताली बजाकर हौसला बढ़ाते दिखे पीएम मोदी
ताकाइची का कार्यक्रम
इससे पहले राष्ट्रपति भवन में ताकाइची का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. अपने दौरे के दौरान ताकाइची इंडिया-जापान बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगी, जहां निवेश और आर्थिक सहयोग पर चर्चा होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




