Bharat Express DD Free Dish

ट्रेनिंग के दौरान शहादत: यमुना में डूबी सेना की नाव, 2 दिन बाद मिले दोनों जवानों के शव

Indian Army Training Accident: हरियाणा के हथनीकुंड बैराज पर भारतीय सेना की 1 पैरा स्पेशल फोर्सेज का प्रशिक्षण अभ्यास हादसे में बदल गया.

Major accident at Hathnikund Barrage

हथनीकुंड बैराज पर बड़ा हादसा

Indian Army Training Accident: हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज पर भारतीय सेना की 1 पैरा स्पेशल फोर्सेज का अभ्यास अचानक त्रासदी में बदल गया. चिनूक हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में खड़ी सैन्य नाव पर कूदकर जवान हवाई से जल और बाढ़ राहत बचाव का अभ्यास कर रहे थे. तभी तकनीकी खराबी के चलते नाव पलट गई और तेज बहाव में दो सैनिक शहीद हो गए.

लापता जवानों की तलाश

मंगलवार शाम हादसे के बाद दोनों जवान लापता हो गए थे. तुरंत खोज अभियान शुरू किया गया जिसमें सेना के गोताखोर, SDRF की टीम, जिला प्रशासन और निजी गोताखोर शामिल हुए. बुधवार को एक जवान का शव बैराज से करीब 10–15 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश की सीमा में मिला, जबकि गुरुवार को दूसरे जवान का शव जींद जिले की हांसी नहर में बरामद हुआ.

सेना ने क्या कहा?

सेना ने बताया कि नाव पानी के तेज बहाव में फंस गई थी और बैराज के नीचे की ओर बहने लगी. टीम ने नाव को बचाने की कोशिश की लेकिन वह जल निकासी द्वार के पास बने भंवर में फंसकर पलट गई. इसी दौरान दो जवान धारा में बह गए. इसके बाद सेना, वायुसेना, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया.

शहीद अजय कुमार को अंतिम विदाई

शहीद नायक अजय कुमार जम्मू-कश्मीर के अखनूर के रहने वाले थे. उनके पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ राखी मुट्ठी में अंतिम विदाई दी गई. स्थानीय लोगों ने बहादुर बेटे को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया.

नेताओं की संवेदनाएं

बीजेपी विधायक मोहन लाल भगत ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. सेना और स्थानीय प्रशासन ने भी अजय कुमार की वीरता और समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा देश के इतिहास में दर्ज रहेगा.

ये भी पढ़ें-नेपाल बाढ़ में अपनों की तलाश हुई आसान, भारत में होगा DNA टेस्ट; परिजनों से लिए जाएंगे सैंपल

हथनीकुंड बैराज हादसे ने एक बार फिर दिखा दिया कि प्रशिक्षण के दौरान भी सैनिक किस तरह जोखिम उठाते हैं. देश ने दो जांबाज पैरा कमांडो खो दिए लेकिन उनकी बहादुरी और सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read