इंडिगो फ्लाइट मेंआग लगी
IndiGo Flight Emergency Landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के पावर बैंक से अचानक धुआं निकलने लगा. मामला इतना गंभीर हो गया कि विमान के अंदर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट यानी ऊपर सामान रखने वाली जगह में लगी थी. स्थिति को देखते हुए विमान का रूट बदलकर हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया.
केबिन क्रू ने दिखाई फुर्ती
घटना सामने आते ही केबिन क्रू ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू कर दी. एयरलाइन के मुताबिक, क्रू मेंबर्स ने फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग और धुएं को नियंत्रित कर लिया. समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. एहतियात के तौर पर पायलट ने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान उतारने का फैसला लिया.
यात्रियों ने बनाया वीडियो
इस दौरान फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ यात्री अपने बैगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश करते हुए भी नजर आ रहे हैं. घटना के दृश्य देखकर कई लोग हैरानी जता रहे हैं.
इंडिगो ने जारी किया बयान
इंडिगो ने आधिकारिक बयान में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E6115 में एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलता देखा गया. इसके बाद केबिन क्रू ने तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत तुरंत कदम उठाए. एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को हैदराबाद की ओर डायवर्ट किया गया, जहां वह सुरक्षित रूप से लैंड कर गया.
तय समय से देरी से उड़ी थी फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 6E6115 को एयरबस A321-251N विमान से संचालित किया जा रहा था. विमान को दिल्ली से दोपहर 1:10 बजे रवाना होना था, लेकिन यह करीब 1:30 बजे उड़ान भर सका. इसकी निर्धारित आगमन समय शाम 4:00 बजे चेन्नई था. हालांकि धुएं की घटना के बाद यात्रा बीच में रोकनी पड़ी और विमान को हैदराबाद ले जाया गया.
ये भी पढ़ें-दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: तेज हवाओं से मिली राहत, जल्द पड़ सकती है ठंड की आहट
दूसरे विमान से भेजे गए यात्री
घटना के बाद एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की. इंडिगो ने यात्रियों को हुई परेशानी पर खेद जताते हुए कहा कि सभी प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई. कंपनी के अनुसार, यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिए गए और लगातार जरूरी जानकारी साझा की गई. एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


