इंदौर के तुकोगंज इलाके में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बेकाबू बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना डरावना था कि देखने वालों की रूह कांप गई. हालांकि, इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने देखते ही देखते बस को आग के हवाले कर दिया.
कैसे हुआ ये पूरा हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र के वल्लभ नगर की है. बुधवार की सुबह थी और कुशवाह नगर में रहने वाला एक युवक रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था. वो अपनी धुन में जा ही रहा था कि तभी सामने से काल बनकर आई बाणेश्वरी ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सीधे बस के पिछले पहिए के नीचे जा फंसा. वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे, सबको लगा कि अब कुछ नहीं बचा. लेकिन कहते हैं न कि ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय’, ठीक वैसा ही हुआ. पहिए के नीचे दबने के बावजूद युवक को ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं. उसे जैसे-तैसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
विधायक की बस और जनता का गुस्सा
जैसे ही युवक सुरक्षित बाहर आया, मौके पर मौजूद भीड़ का सब्र जवाब दे गया. लोगों का आरोप था कि ये बसें शहर के बीचों-बीच मौत बनकर दौड़ती हैं. देखते ही देखते भीड़ ने बस पर पथराव किया और उसमें आग लगा दी. कुछ ही मिनटों में बस धू-धू कर जलने लगी और इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया.
हैरानी की बात तो ये है कि यह बस इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला की बताई जा रही है. सत्ता पक्ष से जुड़े होने के कारण यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है. घटना की सूचना मिलते ही तुकोगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने सबसे पहले घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया और क्रेन बुलाकर जलती हुई बस को वहां से हटवाकर थाने पहुंचाया.
ये भी पढ़ें: फतेहपुर में सनसनी; ट्यूबवेल पर सोने गए किसान की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, अरहर के खेत में मिली खून से लथपथ लाश
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

