Bharat Express DD Free Dish

जयपुर SMS अस्पताल में लगी आग से 8 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. इस दुखद घटना में आठ लोगों की जान चली गई. प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

Jaipur Hospital Fire

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में अचानक आग लग गई. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. जयपुर के अस्पताल में हुए इस हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे पर पीएम मोदी और राज्य के सीएम भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है.

जयपुर की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जयपुर स्थित एक अस्पताल में आग लगने से हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है. उन्होंने आगे कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

सीएम भजनलाल शर्मा ने भी जताया दुख

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों एवं अधिकारियों से जानकारी ली और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मरीजों की सुरक्षा, इलाज और प्रभावित लोगों की देखभाल के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें. राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने से कई मरीजों की मृत्यु हृदय विदारक है. पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना है.”

पूर्व सीएम ने गहलोत ने क्या कहा?

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने लिखा, “एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु बहुत दुखी करने वाली है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में कम से कम जनहानि हो. प्रभु दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें.”अशोक गहलोत ने यह भी कहा कि राज्य सरकार इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाकर यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में कहीं भी ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके.

गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा पोस्ट

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पोस्ट में लिखा, “जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है. इस हादसे में लोगों के असमय निधन की सूचना व्यथित करने वाली है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. अस्पताल और जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है तथा घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है. सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read