Bharat Express DD Free Dish

जयपुर में बेकाबू ऑडी ने मचाया कहर, 16 लोग घायल, एक की मौत

Jaipur Audi Accident: राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार ऑडी कार ने पत्रकार कॉलोनी में 16 लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए.

Jaipur Audi Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पर खड़े लोगों और ठेलों को रौंद डाला. हादसा रात करीब 9.30 बजे पत्रकार कॉलोनी इलाके में हुआ. कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बेकाबू होकर करीब 30 मीटर तक ठेलों और थड़ियों को कुचलती चली गई. इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

हादसे में एक की मौत

इस हादसे में अब तक एक शख्स की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया. 12 घायलों का इलाज एसएमएस और जयपुरिया अस्पताल में जारी है, जबकि चार लोग प्राथमिक इलाज के बाद घर लौट गए.

हिरासत में कार सवार

यह ऑडी कार दमन और दीव नंबर की थी, जिसमें तीन लोग सवार थे. पुलिस ने इनमें से दो को हिरासत में ले लिया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और सवारों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और जांच जारी है.

मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का सख्त रुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहर और अस्पताल प्रशासन को घायलों के इलाज के लिए निर्देश दिए हैं. वहीं डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा मौके पर पहुंचे और कहा कि ऑडी में चार लोग सवार थे, जिनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में लिया है. उन्होंने बताया कि हादसे में एक की मौत हुई है और बाकी घायलों का इलाज जारी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read