Bharat Express DD Free Dish

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक स्थगित

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 5 से 7 अक्टूबर तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. खराब मौसम के चलते वैष्णो देवी यात्रा तीन दिनों के लिए स्थगित रहेगी और 8 अक्टूबर से फिर शुरू होगी.

Vaishno Devi Yatra Suspended

जम्मू-कश्मीर में मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में दिखेगा. इसके चलते 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसी वजह से वैष्णो देवी यात्रा को तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है. यात्रा अब 8 अक्टूबर से फिर शुरू होगी.

मौसम विभाग का क्या कहना है?

मौसम विभाग के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात से लेकर 7 अक्टूबर की सुबह तक जम्मू-कश्मीर में मौसम काफी बिगड़ सकता है. खासकर अनंतनाग-पहलगाम, कुलगाम, सिंथन दर्रा, शोपियां, पीर की गली, सोनमर्ग-ज़ोजिला, बांदीपुरा-राजदान दर्रा, गुलमर्ग और कुपवाड़ा-साधना दर्रे जैसे ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है. वहीं, श्रीनगर और आसपास के मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

सीजन की पहली बर्फबारी

शुक्रवार को कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई. गुलमर्ग के अफरवत और अनंतनाग के सिंथन टॉप में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई. श्रीनगर समेत कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश भी हुई.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भूस्खलन या सड़क बंद होने की आशंका रहती है. वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक चैनलों से अपडेट लेते रहें.

इसे भी पढ़ें-क्यों बदला जा रहा है नवी मुंबई हवाई अड्डे का नाम? मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रस्ताव को दी अनुमति

अगर मौसम की भविष्यवाणी सही साबित होती है, तो आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर में ठंडक बढ़ सकती है और पर्यटकों के लिए बर्फबारी का आनंद लेने का मौका भी मिलेगा. हालांकि, स्थानीय लोगों और यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read