Bharat Express DD Free Dish

किश्तवाड़ में बड़ा हादसा: दच्छन इलाके में स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर चिनाब नदी में गिरी, 5 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर चिनाब नदी में जा गिरी. इस भयानक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी है.

J&K News

Kishtwar Accident: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां के दच्छन इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और सीधे गहरी चिनाब नदी में जा समाई.

नदी में जा गिरी स्कॉर्पियो कार

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 10:45 बजे यैनवान (डांगडारू) के पास हुआ. स्कॉर्पियो गाड़ी डांगडारू से साउंडर की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से फिसलकर लुढ़कती हुई सीधे चिनाब नदी में जा गिरी. हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी संभलने का बिल्कुल मौका नहीं मिला.

बचाव अभियान जारी

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और दच्छन थाना की टीम तुरंत हरकत में आ गई. स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन ने फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया. गोताखोरों और बचाव दलों की टीम नदी में उतरी और कड़ी मशक्कत के बाद अब तक मौके से पांच शव बरामद किए जा चुके हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के वक्त गाड़ी में कुल कितने लोग सवार थे. प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान करने की कोशिशें लगातार जारी हैं.

इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. प्रशासन ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह हादसा किन कारणों से हुआ. पुलिस और अन्य अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मामले से जुड़ी अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में संग्राम: सिख बंदियों की रिहाई की मांग पर बढ़ा बवाल, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read