Bharat Express DD Free Dish

35 साल पुराने कश्मीरी पंडित नर्स मर्डर केस में SIA ने श्रीनगर में 8 ठिकानों पर की छापेमारी, यासीन मलिक के घर भी रेड

SIA ने 1990 में कश्मीरी पंडित नर्स सरला भट्ट की हत्या के मामले में श्रीनगर में 8 ठिकानों पर रेड की. इस दौरान JKLF के पूर्व प्रमुख यासीन मलिक के आवास सहित कई स्थानों पर भी कार्रवाई हुई.

Kashmiri Pandit Nurse

Kashmiri Pandit Murder Case: तीन दशकों से अधिक समय पहले 27 वर्षीय कश्मीरी पंडित नर्स सरला भट्ट की निर्मम हत्या के मामले को फिर से खोलते हुए, जम्मू और कश्मीर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने सोमवार देर रात कई स्थानों पर छापेमारी कर सबूत जुटाए. ये कार्रवाई 1990 में हुई हत्या के मामले में की गई. अप्रैल 1990 में हुई इस हत्या की जांच के लिए यह पहली बार है जब SIA ने रेड की है.

SIA ने श्रीनगर में 8 ठिकानों पर की छापेमारी

अधिकारियों ने बताया कि SIA ने श्रीनगर जिले में आठ स्थानों पर छानबीन की, जो 18 अप्रैल 1990 को शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) के सोरा स्थित हब्बा खातून हॉस्टल से अपहृत सरला भट्ट की हत्या से जुड़ा है. भट्ट का शव अगले दिन सुबह उमर कॉलोनी, मलाबाग में गोली के घावों के साथ मृत पाया गया था.

निगीन पुलिस थाने में दर्ज हुई थी FIR

जम्मू-कश्मीर पुलिस के सूत्रों के अनुसार, भट्ट को जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) से जुड़े आतंकवादियों ने अपहरण कर हत्या की थी. उनके शव पर एक नोट मिला था जिसमें उन्हें पुलिस की मुखबिर बताया गया था. इस मामले में निगीन पुलिस थाना में FIR दर्ज हुई थी, लेकिन उस समय की जांच “असल अपराधियों का पता नहीं लगा सकी.

यासीन मलिक के घर पर भी पड़ी रेड

इस छापेमारी में श्रीनगर के मैसूमा इलाके में जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के पूर्व प्रमुख यासीन मलिक के आवास पर भी तलाशी ली गई. इसके अलावा अधिकांश छापे JKLF के पूर्व कमांडरों के ठिकानों पर भी पड़े हैं.

ये भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति पद के NDA उम्मीदवार का आज होगा ऐलान, पीएम मोदी और जेपी नड्डा करेंगे चयन

क्या था मामला?

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भट्ट ने पंडितों को सरकारी नौकरियां छोड़ने और घाटी छोड़ने के लिए आतंकियों द्वारा लगाए गए आदेशों का विरोध किया था और JKLF के अधिकार को खुलकर चुनौती दी थी, जिससे उनकी हत्या हुई. उनके परिवार को उनकी मौत के बाद भी धमकियां मिलती रहीं, और स्थानीय लोगों ने उन्हें उनकी अंत्येष्टि में शामिल न होने की चेतावनी दी थी.

SIA को सौंपा गया था यह मामला

यह मामला पिछले वर्ष SIA को सौंपा गया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, छानबीन के दौरान कुछ सबूत मिले हैं, जो पूरे आतंकवादी षड्यंत्र का खुलासा करने में मदद करेंगे और भट्ट तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे.

Also Follow Bharat Express on Facebook

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read