Bharat Express DD Free Dish

करौली में ऑनलाइन सट्टे का मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन खान गिरफ्तार, पुलिस ने बड़ा नेटवर्क किया बेनकाब

Karauli Police Action: करौली जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया. मास्टरमाइंड और नगर परिषद के पूर्व सभापति के पुत्र अमीनुद्दीन खान को गिरफ्तार किया गया.

Karauli Police Action: करौली जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चलाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा. इनमें मुख्य आरोपी और सट्टा किंग अमीनुद्दीन खान भी शामिल है, जो करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति का पुत्र है.

मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी

जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के विशेष सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम ने 27 दिसंबर को अमीनुद्दीन खान को गिरफ्तार किया. इससे पहले 26 दिसंबर को हिंडौन डीएसपी मुनेश कुमार और थानाधिकारी हिंडौन सिटी की टीमों ने तीन आरोपियों राजेश, प्रशांत और शोएब को पकड़ा था. इनकी निशानदेही पर ही अमीनुद्दीन खान को गिरफ्तार किया गया.

आरोपियों के पास से क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, क्रिकेट सट्टे के हिसाब-किताब वाले पन्नों का लिफाफा जिसमें करीब 18 लाख रुपये का हिसाब दर्ज था, एक कैलकुलेटर, दो नोटबुक, खाली कॉपियां, चार पेन, एक बिजली का बोर्ड और तीन मोबाइल चार्जर जब्त किए. इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी पुरषोत्तम लाल और कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भी शामिल रहे.

नेटवर्क का खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अमीनुद्दीन खान ही इस पूरे ऑनलाइन सट्टे का मास्टरमाइंड है. कांग्रेस में पदाधिकारी रह चुके पूर्व सभापति का पुत्र अमीनुद्दीन लंबे समय से हिंडौन और करौली जिले में करोड़ों रुपये का ऑनलाइन सट्टा कारोबार चला रहा था.

ये भी पढ़ें-कोडीन कफ सिरप तस्करी केस में बड़ा खुलासा, बिहार-बंगाल-बांग्लादेश तक जुड़े तार

आगे की जांच जारी

पुलिस का मानना है कि अमीनुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आएंगे. फिलहाल पुलिस की टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read