Kochi Mini Cooper Accident: केरलम के कोच्चि से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला और खून खौलाने वाला मामला सामने आया है, जिसे पढ़कर किसी भी इंसान का कलेजा कांप उठेगा. बर्थडे गिफ्ट में मिली चमचमाती ‘मिनी कूपर’ कार को सड़क पर रॉकेट की तरह भगाने वाले एक बिगड़े हुए रईसजादे ने अपनी लापरवाही से तीन मासूम छात्रों की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली.
हद तो तब हो गई जब भयानक एक्सीडेंट के बाद जब गुस्साई भीड़ ने उस हत्यारे ड्राइवर को घेरा, तो उसके चेहरे पर पछतावे की एक बूंद भी नहीं थी. उल्टे उसने पूरी अकड़ के साथ कहा कि ‘मेरा बाप सब संभाल लेगा.’
पलक झपकते ही बुझ गए तीन घरों के चिराग(Kochi Mini Cooper Accident)
यह खौफनाक हादसा कोच्चि के नेदुंबसेरी इलाके में हुआ. आरोपी रईसजादे सुहैल सजीव (Suhail Sajeev) अपनी तेज रफ्तार मिनी कूपर कार से मौत का तांडव मचा रहा था. चश्मदीदों के मुताबिक, गाड़ी की रफ्तार इतनी खतरनाक थी कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर इस रईसजादे ने खुद अपना एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह हाईवे पर 210 किमी/घंटा की सुपर-स्पीड से कार दौड़ा रहा था.
इसी लापरवाही और सनक के चलते उसकी कार ने तीन स्टूडेंट्स (इयास, देविका और गोपिका) को रौंद दिया. टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
आरोपी ने कैसे दिखाई बेशर्मी?
हादसे के बाद जब मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और चश्मदीद सलीम ने उस कातिल ड्राइवर को घेर लिया, तो उसकी हेकड़ी देखने लायक थी. सलीम ने बताया कि जब लोगों ने उसे पकड़ा और बहस शुरू हुई, तो ड्राइविंग सीट पर बैठा सुहैल बिना किसी खौफ के अकड़ रहा था.
उसे इस बात का कोई गम नहीं था कि उसने तीन बेकसूर नौजवानों को मौत के घाट उतार दिया है, बल्कि उसका घमंड सातवें आसमान पर था और वह चीखकर बोल रहा था-‘ज्यादा मत बोलो, मेरा बाप सब संभाल लेगा.’
सड़कों पर घूम रहे ऐसे मौत के सौदागर
यह घटना सिर्फ एक एक्सीडेंट नहीं, बल्कि उस सड़ियल व्यवस्था और रईसजादों के बेलगाम अहंकार का खुला आईना है, जो कानून को अपनी जेब की पुड़िया समझते हैं. हर दिन सड़क पर निकलने वाला आम इंसान अपनी पूरी ईमानदारी से ट्रैफिक नियम फॉलो करता है, हेलमेट पहनता है, साइड देखकर चलता है-लेकिन मजाल है कि इन बिगड़े हुए नवाबजादों की सनक से किसी की जान सुरक्षित बच सके.
वे दूसरों की जिंदगी को खिलौना समझते हैं क्योंकि उन्हें पता होता है कि पापा का पैसा और रसूख उन्हें हर जुर्म से बचा लेगा.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी सुहैल सजीव को हिरासत में लिया और उसकी सुपर-फास्ट मिनी कूपर को जब्त कर लिया. पुलिस अब इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के वक्त यह रईसजादा शराब या किसी अन्य नशे में धुत था.
हालांकि, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या ‘बाप के पैसे और रसूख’ का यह गुरूर कानून की सख्त बेड़ियों के आगे टिक पाएगा?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


