Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

दिवाली के दिन कुलगाम में बड़ी कार्रवाई, सुरक्षाबलों के हत्थे चढ़े दो संदिग्ध, चीनी पिस्तौल और ग्रेनेड बरामद

दिवाली के दिन जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चीनी पिस्तौल, मैगजीन, 9 एमएम के दो कारतूस और दो चीनी ग्रेनेड बरामद हुए हैं.

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने दिवाली के दिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. पानीवाह इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से चीन में बने हथियार और ग्रेनेड मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. पाकिस्तान और चीन की नापाक मंसूबों पर भारत की चौकस निगाहों ने एक बार फिर पानी फेर दिया है.

सुरक्षाबलों का सख्त पहरा

जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के पानीवाह इलाके में सुरक्षाबलों ने आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया था. इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन की QAT टीम के साथ एसओजी अमनू के जवान भी शामिल थे. इसी दौरान बागवानी और कृषि क्षेत्र की तरफ से कुलगाम की ओर आ रहे दो लोगों की गतिविधियां जवानों को संदिग्ध लगीं. इसके बाद सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की.

जवानों को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी

सुरक्षाबलों की मौजूदगी का एहसास होते ही दोनों व्यक्तियों ने मौके से भागने का प्रयास किया. हालांकि, पहले से सतर्क जवानों ने तेजी से घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया. पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान ताहिर बिलाल, पुत्र बिलाल अहमद भट और मुनीब यासीन, पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद यासीन राथर के तौर पर हुई है.

तलाशी में चीन के हथियार और दो ग्रेनेड मिलने से बढ़ी चिंता

पकड़े जाने के बाद जब दोनों की तलाशी ली गई तो उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, एक मैगजीन, 9 एमएम के दो कारतूस और दो चीनी ग्रेनेड बरामद हुए. सुरक्षाबलों ने सभी हथियारों और गोला-बारूद को अपने कब्जे में लेकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है.

पाकिस्तान और चीन को साफ संदेश, भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं

दिवाली के दिन हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान किसी भी संदिग्ध गतिविधि को हल्के में नहीं लेते. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और बरामद हथियारों के स्रोत तथा उनके इस्तेमाल की संभावित मंशा का पता लगाया जा रहा है. पाकिस्तान और चीन को भी समझना होगा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर करने की कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital