Bharat Express DD Free Dish

PM Modi के बिहार दौरे पर लालू यादव का हमला, बोले- ‘पीएम के झूठ मापने का कोई पैमाना होता तो वह टूट कर चूर-चूर हो जाता’

लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया दी, इसे चुनावी रणनीति करार दिया.

पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव.

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस दौरे को चुनावी रणनीति करार दिया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिर्फ लोगों को भ्रमित करने का काम कर रही है.

लालू यादव ने पीएम मोदी की भागलपुर में रैली से पहले सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रधानमंत्री बिहार आए हैं, तो झूठ और बयानबाजी की बरसात होगी. चुनावी साल है, इसलिए जनता को गुमराह करने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन अब बिहार से होगा, लेकिन असल में राज्य को कुछ नहीं मिलने वाला.”

पीएम मोदी की रैली खत्म होने के बाद एक बार और उन्होंने ट्वीट किया जिसमें लिखा था कि पीएम के झूठ मापने का कोई पैमाना होता तो वह टूट कर चूर-चूर हो जाता.

JDU का पलटवार

लालू यादव के बयान पर जेडीयू (JDU) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कड़ा जवाब दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे को विकास से जुड़ा बताया और कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ बिहार को आगे ले जा रही है.

नीरज कुमार ने लालू यादव के आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा कि बिहार की जनता देख रही है कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर विकास के लिए काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को यह प्रगति हजम नहीं हो रही और इसलिए वे बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं.

नीरज कुमार ने आगे कहा, “लालू प्रसाद यादव को कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के कारण चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है. वह खुद अपने बेटे तेजस्वी यादव के राजनीतिक नियंत्रण में हैं. उन्हें ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा’ में भी नहीं जाने दिया गया. ऐसे में उनकी बातों का कोई महत्व नहीं रह गया है.”

जेडीयू प्रवक्ता ने साफ किया कि बिहार में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और जनता को इसका लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का दौरा विपक्ष को परेशान कर रहा है, इसलिए वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं.

पीएम मोदी ने किसानों को दी आर्थिक मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 19वीं किस्त जारी की. इससे देशभर के किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी, जिसमें बिहार के करीब 77 लाख किसान भी लाभान्वित होंगे. इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. करीब 5 लाख किसान इस आयोजन में उपस्थित रहे.


ये भी पढ़ें- भागलपुर रैली में बोले पीएम मोदी- ‘महाकुंभ’ को गाली देने वालों को कभी माफ नहीं करेगा बिहार’


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read