हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया
Haryana News: गुरुग्राम में हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया (Rahul Fazilpuria) पर फायरिंग की कोशिश की गई है. वारदात गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में हुई है. जानकारी के मुताबिक, एसपीआर रोड पर अज्ञात बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. राहत की बात यह है कि राहुल को गोली नहीं लगी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुट गई है. पुलिस जल्द ही इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है. हालांकि, अभी हमलावरों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
बताया जा रहा है कि फाजिलपुरिया अपने गांव से गुजर रहे थे. इसी दौरान जब वह गुरुग्राम के साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) से निकल रहे थे तो पीछे से टाटा पंच में सवार कुछ लोग आ गए. बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया. जब वो उनकी गाड़ी के करीब पहुंचे तो दननादन फायरिंग कर दी. जब फाजिलपुरिया को गोलियां चलने की आवाज आई तो उन्होंने अपने गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी.
लोकसभा में आजमाई थी किस्मत
राहुल फाजिलपुरिया (Rahul Fazilpuria) ने बॉलीवुड में फिल्म ‘कपूर & सन्स’ के गाने ‘लड़की ब्यूटीफुल’ से पहचान बनाई थी. वह एक बिजनेस घराने से संबंध रखते हैं और गुरुग्राम के छोटे गांव फाजिलपुर झारसा के रहने वाले हैं. राहुल फाजिलपुरिया ने साल 2024 में लोकसभा चुनाव भी लड़ा था. उन्होंने दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के टिकट पर गुरुग्राम से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे.
कोबरा कांड में आया था नाम
साल 2023 में नोएडा में हुए कोबरा कांड में एल्विश यादव के साथ राहुल फाजिलपुरिया का नाम भी सामने आया था. एल्विश के म्यूजिक वीडियो में दो सांपों को देखा गया था. हालांकि राहुल फाजिलपुरिया ने कहा था कि सांपों का इस्तेमाल सिर्फ म्यूजिक वीडियो के लिए किया गया था. इस मामले में ED ने उनपर एक्शन लिया था. साल 2024 में ईडी ने बिजनौर जिले में राहुल यादव फाजिलपुरिया की तीन एकड़ कृषि भूमि जब्त की थी. इसे उन्होंने 50 लाख में खरीदा था. उनके बैंक खाते भी सीज किए गए थे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




