उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां कड़े सुरक्षा इंतजामों वाले एक हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन में जेबकतरों ने कांग्रेस के पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी की ही जेब काट ली. यह घटना संभल-बहजोई में आयोजित समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के रिसेप्शन के दौरान हुई. बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक की जेब में 27 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी और शगुन के तौर पर देने के लिए रखा ढाई हजार रुपये का लिफाफा भी था, जिसे चोर बड़ी सफाई से उड़ा ले गए.
भीड़ का फायदा उठाकर घुसे जेबकतरे
सांसद जावेद अली खान के बेटे के इस समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे थे और खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने आए थे. वीआईपी मूवमेंट के चलते कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे. इसके बावजूद भारी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ जेबकतरे भीतर घुसने में कामयाब हो गए.
समारोह के बीच जब हाजी इकराम कुरैशी को कुछ अनहोनी का अहसास हुआ और उन्होंने अपनी जेब टटोली, तो पाया कि जेब कट चुकी है और नकदी के साथ शगुन का लिफाफा भी गायब है. जैसे ही यह बात समारोह में फैली, वहां मौजूद अन्य मेहमान भी घबराकर अपनी-अपनी जेबें चेक करने लगे, जिससे जश्न के माहौल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
सवाल पूछने पर पत्रकारों पर भड़के पूर्व विधायक
जेब कटने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद पत्रकारों ने पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी से इस घटना को लेकर बातचीत की. शुरुआत में तो उन्होंने सामान्य तरीके से सवालों के जवाब दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक भड़क गए और पत्रकारों पर गुस्सा उतारने लगे.
दूसरी तरफ, इस घटना ने वीआईपी कार्यक्रमों में पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. समारोह में शामिल लोगों का कहना था कि अब तक राह चलते या भीड़भाड़ वाले बाजारों में जेब कटने की बातें सुनी जाती थीं, लेकिन अब सख्त पहरे वाले वीआईपी आयोजनों में भी जेबकतरों का बेखौफ घूमना चिंताजनक है.
यह भी पढ़ें: 7 साल की मासूम बेटी से दरिंदगी का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका पिता, फांसी लगाकर की आत्महत्या
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




