Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP News: गोरखपुर में लोकसभा चुनाव परिणाम से संबंधित होर्डिंग लगाए जाने पर खड़ा हुआ विवाद, जानें क्या है मामला

गोरखपुर शहर के पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, असुरन चौराहे पर ये होर्डिंग्स नजर आए थे, जिनमें दो छात्र नेताओं के नाम भी लिख हुए थे.

गोरखपुर में लगाए गए विवादित होर्डिंग्स को अब हटा दिया गया है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में लोकसभा चुनाव परिणामों से जुड़े कुछ होर्डिंग लगाने से विवाद खड़ा हो गया है. इन होर्डिंग्स के बैकग्राउंड में समाजवादी पार्टी का चुनाव निशान साइकिल नजर आ रहा है और दो छात्र नेताओं के नाम लिखे हुए हैं.

खबरों के अनुसार, गोरखपुर के सभी प्रमुख चौराहों पर ये होर्डिंग गुरुवार (6 जून) की भोर में नजर आए. मामला सामने आने के बाद इस संबंध में कैंट थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. इसके अलावा ये होर्डिंग्स अब हटा दिए गए हैं.

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, असुरन चौराहे पर लगे होर्डिंग्स पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘घमंड टूटने की बधाई’ लिखा हुआ था और दो छात्र नेताओं के नाम भी थे. इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तमाम लोगों ने इसे शेयर किया गया.

होर्डिंग पर है किनके नाम

होर्डिंग पर यशवर्धन मिश्रा का नाम लिखा गया था और उनका परिचय समाज सेवक दिया गया था. दूसरा नाम गौतम यादव का था, जिन्हें विश्वविद्यालय छात्र नेता बताया गया था. पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि छात्र नेताओं ने जबरन विवादित पोस्टर लगा दिए, जिससे लोगों में रोष है.

एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की तलाश चल रही है. जिस युवक ने पोस्टर लगाया है, उसकी तलाश चल रही है.


ये भी पढ़ें: संसदीय दल के नेता चुने गए नरेंद्र मोदी, तीसरी बार बनेंगे देश के प्रधानमंत्री, राजनाथ सिंह ने रखा नाम का प्रस्ताव


क्या रहे चुनाव परिणाम

4 जून को आए लोकसभा चुनाव के नतीजों में नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (NDA) देश भर में 293 लोकसभा सीटें जीतकर तीसरी बार सत्ता में वापसी करने के लिए तैयार है.

हालांकि, इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा, क्योंकि वह 240 सीटों के साथ बहुमत से चूक गई. अब सरकार बनाने के लिए आवश्यक 272 सीटों को हासिल करने के लिए वह TDP और JDU जैसे गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर है. TDP ने 16 सीटें हासिल की हैं तो JDU ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है.

कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (TMC), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के संयुक्त विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ने कुल 232 सीटें जीतीं.

कांग्रेस 99 सीटों के साथ वापसी करती नजर आई तो सपा (SP) ने 2019 में उत्तर प्रदेश में मात्र 5 सीटों से 37 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है. पश्चिम बंगाल में TMC ने 29 सीटें जीतीं, जबकि DMK के हाथ 22 सीटें लगी हैं. महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने 9 सीटें हासिल कीं और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP ने 8 सीटें जीतीं. बिहार में राजद (RJD) ने 4 निर्वाचन क्षेत्रों में विजय ​हासिल की, आम आदमी पार्टी (AAP) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को 3-3 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital