Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

युवाओं के सहयोग से मध्यप्रदेश में सुशासन जमीन पर उतारेंगे- बोले CM शिवराज सिंह चौहान, युवाओं के सवालों के भी दिए जवाब

Madhya Pradesh CM: मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने विभिन्न 8 संस्थानों के साथ नवाचार साझा करने के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किए.

CM Shivraj singh chouhan

एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को रविंद्र भवन में आयोजित ‘सुशासन समागम’ में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद किया और उनके सवालों का जवाब भी दिया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सीएम यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम लोकतांत्रिक व्यवस्था में की गई महत्वपूर्ण पहल है. मध्यप्रदेश में युवाओं के सहयोग से सुशासन को जमीन पर लाने का कार्य किया जाएगा. पिछले एक वर्ष से इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है. मुख्यमंत्री चौहान आज शाम रवीन्द्र समागम में सुशासन समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में सुशासन के प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया. मुख्यमंत्री चौहान ने युवाओं के सवालों और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया.

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लोकतंत्र जनता का, जनता द्वारा और जनता के लिए शासन है. हमारा तंत्र काफी बड़ा है. योजनाएँ बनाना सरल है, लेकिन योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुँचाने का कार्य विभिन्न कठिनाइयों से भरा है. इसमें कुछ लोगों द्वारा कोताही के कारण और लाभ उठाने की भावना से अनेक योजनाएँ जमीन पर नहीं उतर पाती. शासकीय तंत्र के अलावा युवा ऊर्जा का उपयोग कर योजनाओं के क्रियान्वयन को आसान बनाया जा सकता है. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उनके मन में यह विचार आया है कि युवाओं के सहयोग से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जाए. युवा इस व्यवस्था के शासन के आँख और कान बन रहे हैं. युवाओं द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर जिलों की प्रातःकालीन बैठकें हुई हैं. सही व्यक्ति तक बिना कठिनाई के और बिना विलंब के योजनाओं का लाभ मिल जाए, यही सुशासन है.

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा युवाओं के लिए भी अनेक योजनाएँ बनाई गई हैं. व्यवहारिक जीवन में जनता के कष्ट देख कर अनेक योजनाएँ बनाई गई. लाड़ली लक्ष्मी योजना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है. मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रारंभ होने की प्रेरणा से लेकर उसके क्रियान्वयन और नए स्वरूप के बारे में विस्तार से बताया. मुख्यमंत्री चौहान ने युवा उद्यमी योजना और अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया.

cm shivraj singh chouhan

 जनवरी में आएगी नई युवा नीति

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवाओं के विचारों को शामिल करते हुए नई युवा नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा. आगामी 13 जनवरी को यह नीति सामने आएगी. इसके पूर्व विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में संगोष्ठी से युवा नीति पर विचार-विमर्श की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मुख्यमंत्री चौहान ने आग्रह किया कि इस नीति के निर्माण में अधिकाधिक युवा हिस्सा लें. युवाओं से संबंधित प्रावधानों को युवा नीति में शामिल कर क्रियान्वित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री चौहान ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें बचपन से ग्राम में नैसर्गिक रूप से प्रकृति प्रेम की शिक्षा मिली. खेलों के प्रकार भी प्रकृति से जुड़े थे. नर्मदा जी के किनारे विभिन्न खेल गतिविधियाँ होती थी. ग्रामीण श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि के लिए उन्होंने पहला संघर्ष किया था. इसके बाद निरंतर सार्वजनिक जीवन में जनता के कल्याण को केंद्र में रखा.

cm shivraj singh chouhan

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट लागू किया गया. मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 17 सितंबर प्रधानमंत्री के जन्म-दिवस से प्रारंभ हुआ जो 31 अक्टूबर तक चला. डेढ़ माह में 83 लाख पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लिए  चिन्हित किया गया. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जन-कल्याण के कार्य निरंतर होते रहेंगे.

जी 20 समिट भारत के लिए उपलब्धि

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को जी-20 समिट की मेजबानी मिली है, जो गर्व का विषय है. साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इसलिए विशेष धन्यवाद के पात्र हैं कि उन्होंने प्रत्येक राज्य में जी-20 की गतिविधियों का निर्णय लिया. मध्यप्रदेश में जी-20 से संबंधित 7 बैठकें होंगी. इंदौर, उज्जैन सहित विश्व धरोहर खजुराहो का अवलोकन भी विभिन्न देशों के प्रतिनिधि करेंगे. इससे मध्यप्रदेश की मार्केटिंग सारी दुनिया में हो जाएगी. मध्यप्रदेश की संस्कृति, यहाँ की लोक कलाएँ, यहाँ का विशेष शिष्टाचार और वसुधैव कुटुंबकम का भाव दुनिया के देशों तक पहुँचेगा. इसकी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं.

मुख्यमंत्री चौहान ने युवाओं को बताया कि आप लक्ष्य तय कर कार्य करें, रोड मेप बनाएँ, परिश्रम में कोई कमी न छोड़े, कर्म योग को वैज्ञानिक माना गया है. मैं यदि लगातार कार्य करता हूँ तो इसके पीछे प्रबल इच्छा-शक्ति शामिल होती है. इससे कार्य-क्षमता बढ़ जाती है. मुख्यमंत्री चौहान ने स्वामी विवेकानंद के उदगार उदधृत करते हुए कहा कि “मनुष्य ईश्वर का अंश है और उसके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है.”

cm shivraj singh chouhan

मुख्यमंत्री चौहान ने गीता के श्लोक का भी उल्लेख किया जिसमें गुटबाजी से दूर रह कर, अहंकार से मुक्त होकर, धैर्य पूर्वक उत्साह से कार्य करने की शिक्षा सफलता के लिए जरूरी मानी गई है. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवाओं को हताश होने की आवश्यकता नहीं है. मनुष्य चाहे तो ब्रह्मांड पर भी कमांड कर सकता है. मुख्यमंत्री चौहान से आज जिन युवाओं ने संवाद कियाउनमें हिमांशु गुप्ता भोपाल, धीरज पाटीदार नरसिंहपुर, साइना कुरेशी दतिया और देवांशु गौतम जबलपुर शामिल हैं.

युवाओं को दिलवाया संकल्प

मुख्यमंत्री चौहान ने सुशासन समागम कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पर्यावरण के विकास के लिए पौधे लगाने, बेटियों के सम्मान के लिए सतत प्रयत्नशील रहने, बिजली और पानी बचाने के साथ नशा-मुक्ति से समाज को लाभान्वित करने के लिए प्रयास करने का संकल्प दिलवाया. अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी,मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक हजेला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश शर्मा और राज्य कौशल विकास एवं रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा उपस्थित थे.

आठ संस्थानों के साथ हुआ एमओयू

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने विभिन्न 8 संस्थानों के साथ नवाचार साझा करने के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital