Bharat Express DD Free Dish

12 साल का बेदाग नेतृत्व और महाशक्ति बनता भारत; पीएम मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर मनीषा कायंदे ने राहुल गांधी को घेरा

10 जून को पीएम नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचेंगे. इस मौके पर शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने उनके बिना छुट्टी लिए काम करने के जज्बे को सलाम किया.

Manisha Kayande Praises PM Modi On Longest Serving Prime Minister Record

देश के सियासी इतिहास में 10 जून का दिन एक बहुत बड़ा मील का पत्थर साबित होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तारीख को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे. वे पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का बरसों पुराना रिकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शिवसेना एमएलसी और मुख्य प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि जिस लगन और निरंतरता के साथ नरेंद्र मोदी देश की सेवा कर रहे हैं, वह वाकई बेमिसाल है.

‘न थकते हैं, न रुकते हैं…’ रिकॉर्ड टूटने पर देश को गर्व

मनीषा कायंदे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) से खास बातचीत में कहा कि यह पूरे हिंदुस्तान के लिए बेहद गर्व का पल है कि आज कोई नेता पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी जैसी शख्सियतों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ रहा है. उन्होंने पीएम मोदी की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा, ‘नरेंद्र मोदी का अपने काम के प्रति समर्पण अद्भुत है. वे एक दिन की भी छुट्टी नहीं लेते. वे न तो कभी थकते हैं और न ही रुकते हैं. मेरी नजर में यह हर भारतीय के लिए फख्र की बात है कि देश की कमान ऐसे कर्मठ हाथों में है.’

विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा हमला

देश की अर्थव्यवस्था और विदेशों में होने वाली राजनीति पर बात करते हुए शिवसेना प्रवक्ता ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पूरा विपक्ष भारत की छवि खराब करने के लिए देश-विदेश का चक्कर काटता रहता है. वे हमारे देश के नौजवानों को भड़काने की साजिश रचते हैं.

मनीषा कायंदे ने याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने यह झूठा नैरेटिव सेट करने की कोशिश की थी कि बीजेपी सत्ता में आकर संविधान बदल देगी, लेकिन पीएम मोदी ने अपने काम से उनके सभी दावों की हवा निकाल दी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी जिस ‘भूकंप’ आने की बातें करते थे, वह भूकंप केवल उनके अपने दिमाग में चल रहा है. आज भारत की जीडीपी (GDP) लगातार बढ़ रही है और यही किसी भी देश की असली तरक्की का सबसे बड़ा सबूत है.

‘राहुल गांधी खुद अस्थिर हैं, बिखर जाएगी कांग्रेस’

मनीषा कायंदे ने साफ कहा कि पिछले 12 सालों से पीएम मोदी देश को जिस विजन के साथ आगे ले जा रहे हैं, उससे भारत आज दुनिया में एक महाशक्ति (Superpower) बनने की राह पर अग्रसर है. दूसरी तरफ राहुल गांधी खुद असमंजस में हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे अपनी पार्टी को किस दिशा में लेकर जाएं. उन्होंने दावा किया कि देश में तो कोई भूकंप नहीं आएगा, लेकिन खुद कांग्रेस के भीतर एक ऐसा बड़ा राजनीतिक भूकंप आने वाला है, जिससे बची-खुची पार्टी भी पूरी तरह बिखर जाएगी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के आरके पुरम अयप्पा मंदिर को मिला नया ‘सबरीसम’ भवन, आज शाम गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read