Bharat Express DD Free Dish

प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत, निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी हुई खत्म

मोदी सरकार ने प्याज उत्पादक किसानों को राहत देते हुए निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Onion Export Duty: मोदी सरकार ने प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया है. इस फैसले की जानकारी केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी. उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों को उचित मूल्य दिलाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लिया गया है.

सरकार ने चरणबद्ध तरीके से घटाई ड्यूटी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले प्याज के निर्यात पर 40% एक्सपोर्ट ड्यूटी लगाई जाती थी. जब बाजार में प्याज की कीमतों में गिरावट आई और किसानों को नुकसान होने लगा, तो सरकार ने इस ड्यूटी को 40% से घटाकर 20% कर दिया. अब 20% ड्यूटी को भी पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, जिससे किसान बिना किसी शुल्क के प्याज को वैश्विक बाजारों में बेच सकेंगे.

श्री चौहान ने कहा, “मोदी सरकार किसान हितैषी सरकार है. किसानों को उनकी मेहनत का लाभकारी मूल्य दिलाना हमारी प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है. इस फैसले से किसानों को उचित दाम मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.”

वैश्विक बाजारों तक पहुंचेगा भारतीय प्याज

सरकार के इस फैसले से अब भारतीय किसान बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्याज का निर्यात कर सकेंगे. इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा और उन्हें बेहतर कीमत मिलेगी.

  • बढ़ेगा प्याज का निर्यात: विदेशी बाजारों में भारतीय प्याज की मांग बढ़ेगी.
  • बढ़ेगी किसानों की आय: उन्हें अब ज्यादा कीमत पर प्याज बेचने का मौका मिलेगा.
  • कमी होगी घाटे की: एक्सपोर्ट ड्यूटी हटने से किसानों को ज्यादा मुनाफा होगा.

सरकार की किसान-नीति पर जोर

मोदी सरकार लगातार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नीतिगत फैसले ले रही है. इससे पहले भी सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी, फसल बीमा योजना और कृषि अवसंरचना सुधार जैसे कदम उठाए हैं. प्याज निर्यात पर शुल्क हटाने का यह फैसला किसानों के लिए एक और राहत भरा कदम साबित होगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read