Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मानसून बना आफत: कहीं फटा बादल तो कहीं मौत बनकर गिरी बिजली, हिमाचल में फटा बादल, मध्य प्रदेश-बिहार में मातम

देशभर में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. राहत बनकर आई बारिश अब आफत बन चुकी है. हिमाचल प्रदेश में बादल फटने, मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत होने और उत्तर प्रदेश में पिकनिक मनाने गए लोगों के नाले के तेज बहाव में बहने जैसी दुखद खबरें सामने आई हैं.

Monsoon, Cloudburst, Weather

Monsoon Update: कड़ाके की गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान देश को जिस मानसूनी फुहार का बेसब्री से इंतजार था वो आखिरकार आ तो गई है लेकिन अपने साथ तबाही का मंजर भी लेकर आई है. देश के 26 राज्यों को कवर कर चुका मानसून अब कई जगहों पर आफत का कारण बन गया है. उत्तर से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है. सुहाने मौसम की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के सामने अब बाढ़, बिजली और उफनते नदी-नालों का खौफनाक मंजर है. पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कुदरत का यह बदला हुआ रूप डराने लगा है. आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय क्या स्थिति है.

हिमाचल में बादल फटा, ऋषिकेश में राफ्टिंग बंद

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति से बेहद डराने वाली खबर आई है. यहां जिस्पा के पास अचानक बादल फटने से सैलाब आ गय, जिससे हाईवे को पूरी तरह बंद करना पड़ा है. प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है.

वहीं उत्तराखंड में देहरादून की रिस्पना नदी उफान पर है और रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने से संगम की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं. खतरे को भांपते हुए ऋषिकेश में राफ्टिंग पर 31 अगस्त तक के लिए रोक लगा दी गई है.

बिजली गिरने से कई मौतें

मध्य प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला है. मध्य प्रदेश के हरदा और खरगोन में बिजली गिरने से 3 लोगों की जान चली गई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए. यहां चंपा नदी के उफान में बाइक सवार दो युवक भी बह गए.

वहीं बिहार में भी बिजली गिरने की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई. उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में भी पिकनिक मनाने गए तीन लोग बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए जिनमें से एक युवक की मौत हो गई.

अल नीनो का साया

IMD के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. इस साल जून के महीने में सामान्य से करीब 39.8% कम बारिश दर्ज की गई है. साल 1901 के बाद यह पांचवीं बार है जब जून का महीना इतना सूखा रहा. वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो के असर के कारण मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ी है. हालांकि अगले दो-तीन दिनों में इसके दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान पहुंचने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- गर्मी की छुट्टी करने आ गया मॉनसून! सुबह-सुबह दिल्ली-NCR में मौसम हुआ सुहाना, जानें अपने शहर का हाल?

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?

2 जुलाई के मौसमी हाल की बात करें तो छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल, गोवा और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है. बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है. राजस्थान में भी तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ेंगी, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ हिस्से अभी भी लू की चपेट में रहेंगे.

वहीं अगर अगले दिन 3 जुलाई के मौसम के बारे में बताएं तो आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय इलाकों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. दूसरी तरफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती रीजन में लगातार पांचवें दिन भी लू का असर देखने को मिल सकता है. मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए पहाड़ी और नदी तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital