Bharat Express DD Free Dish

मुरैना में फैली अफवाह, मची भगदड़, ट्रेन की चपेट में आने से कई लोगों ने गंवाई जान

Morena train accident: मुरैना में उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की अफवाह से भगदड़ मच गई. यात्री ट्रैक पर उतर गए और पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो गई.

Morena train accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई. अफवाह सुनते ही यात्री घबराकर ट्रेन से कूदने लगे और ट्रैक पर उतर आए. इस अफरा‑तफरी में चार से ज्यादा लोगों की जान चली गई.

ट्रैक पर उतरे यात्री बने शिकार

यह घटना हेतमपुर स्टेशन के पास हुई. लोग जान बचाने के लिए ट्रैक पर उतर गए लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि पास वाली पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ रही है. अचानक हुई टक्कर में कई लोग घायल हो गए और चार लोगों की मौत हो गई.

इलाके में मचा हड़कंप

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा‑तफरी फैल गई. रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई और राहत व बचाव का काम शुरू किया गया.

अफवाह कहां से फैली

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आग की अफवाह आई कहां से. क्या किसी ने जानबूझकर यह खबर फैलाई थी या यह किसी गलतफहमी का नतीजा था. फिलहाल जांच जारी है.

रेलवे का क्या कहना है?

उत्तर मध्य रेलवे ने इस घटना पर बयान जारी किया. रेलवे के अनुसार खजुराहो‑उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक यात्री ने अलार्म चेन खींच दी थी, जिससे ट्रेन रुक गई. इसी दौरान कुछ लोग ट्रेन से उतरकर पास वाली पटरी पर चले गए और पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. रेलवे ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

यात्री ने क्या बताया?

ट्रेन में सफर कर रही एक महिला ने बताया कि अचानक किसी ने चेन खींच दी और चिल्लाने लगा कि आग लग गई है. इसके बाद लोग तुरंत ट्रेन से उतरने लगे. जब यात्री दूसरी तरफ पटरी पार कर रहे थे तभी पातालकोट एक्सप्रेस आ गई और कुछ लोग उसकी चपेट में आ गए. महिला ने कहा कि एक पूरा परिवार भी इस हादसे में फंस गया.

ये भी पढ़ें-झारखंड में मानसून का कहर, वज्रपात से 8 की मौत, येलो अलर्ट जारी

मोबाइल विस्फोट की चर्चा

एक अन्य यात्री ने दावा किया कि हादसे की वजह मोबाइल फटना था. उन्होंने बताया कि एक बच्चा मोबाइल चला रहा था और अचानक उसमें विस्फोट हो गया. इसी वजह से लोग घबरा गए और ट्रेन से उतर पड़े. उसी दौरान पातालकोट एक्सप्रेस आ गई और कई लोग उसकी चपेट में आ गए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read