Bharat Express DD Free Dish

न रंग, न ब्रश… सिर्फ अनाज के दानों से बना दी ब्राजील, चीन और रूस के मंत्रियों की हुबहू तस्वीरें; MP के किसान का कमाल देखा क्या?

मध्य प्रदेश के इटारसी निवासी किसान कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने अनाज के दानों से BRICS देशों के कृषि मंत्रियों के पोर्ट्रेट तैयार किए हैं. इंदौर में होने वाले BRICS कृषि मंत्रियों के सम्मेलन से पहले उनकी यह अनोखी कला वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है…

MP Creative Artist: मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में आयोजित होने वाले ‘ब्रिक्स (BRICS) कृषि मंत्रियों के सम्मेलन’ से ठीक पहले एक भारतीय किसान की अद्भुत और अनोखी कलाकारी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. इटारसी के पास स्थित ग्राम सुपरली के रहने वाले कृषक कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने विभिन्न देशों के कृषि मंत्रियों की ऐसी आकर्षक तस्वीरें तैयार की हैं, जिन्हें बनाने के लिए उन्होंने किसी रंग या ब्रश का नहीं, बल्कि अलग-अलग प्रकार के अनाजों का इस्तेमाल किया है. अनाज के दानों से बनीं ये तस्वीरें सोशल मीडिया से लेकर कूटनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन गई हैं.

अनाज के दानों से बना डाली हुबहू तस्वीरें(BRICS Ministers Grain Art)

कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने अपनी इस अनोखी अनाज-कला (Grain Art) के जरिए ब्रिक्स और उसके सहयोगी देशों के 11 कृषि मंत्रियों के हुबहू पोर्ट्रेट तैयार किए हैं. इन कलाकृतियों में भारत के साथ-साथ ब्राजील, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), चीन, रूस, इथियोपिया, मिस्र (इजिप्ट), इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और सऊदी अरब के कृषि मंत्रियों को बेहद खूबसूरती से अनाज के दानों के माध्यम से चित्रित किया गया है. हर देश के मंत्री के चेहरे के भावों को उभारने के लिए अलग-अलग रंग और आकार के अनाजों का बारीक कॉम्बिनेशन इस्तेमाल किया गया है.

कृषि मंत्री की लोकप्रियता से मिली प्रेरणा

कलाकार श्री सोलंकी का कहना है कि भारत एक महान कृषि प्रधान देश है और इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में हो रहा है. उन्होंने बताया कि शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर और देश भर के किसानों के बीच हमेशा से एक बेहद लोकप्रिय और संवेदनशील जननेता रहे हैं. शिवराज जी के इसी ‘किसान-कनेक्ट’ और काम करने के अंदाज से प्रेरणा लेकर उन्होंने ब्रिक्स देशों के सभी मंत्रियों का स्वागत इस अनूठे अंदाज़ में करने का फैसला किया.

ये भी पढ़ें: 8+10+11+11=4! क्या है TMC में बगावत का 40 बराबर 4 का गणित? 20 में आई 19 की लिस्ट

कला के जरिए दिया ये महा-संदेश

योगेंद्र पाल सोलंकी के मुताबिक, इन कलाकृतियों के निर्माण का उद्देश्य सिर्फ अपनी कला का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बहुत बड़ा वैश्विक संदेश छिपा है. वे इन तस्वीरों के माध्यम से पूरे विश्व समुदाय का ध्यान खाद्य सुरक्षा (Food Security), अनाज संरक्षण और भविष्य में दुनिया पर मंडराने वाले संभावित खाद्य संकटों की ओर आकर्षित करना चाहते हैं.

वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्ध, जलवायु परिवर्तन और विभिन्न चुनौतियों के कारण खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं, ऐसे में अनाज से बनी ये तस्वीरें दुनिया को यह याद दिलाएंगी कि धरती पर अन्न का एक-एक दाना कितना कीमती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read