Urdu Conclave 2026

‘माहौल खराब किया तो सूरज-चांद भी नहीं देख पाओगे,’ एसडीएम की उपद्रवियों को सख्त चेतावनी

रामनवमी से पहले मध्य प्रदेश के सेंधवा में शांति समिति की बैठक हुई, जहां SDM आशीष कुमार ने उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी. कहा- माहौल बिगाड़ा तो NSA लगेगा और दोबारा सूरज-चांद नहीं देख पाएंगे.

MP News

MP News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा शहर से एक सख्त संदेश सामने आया है. रामनवमी से पहले आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम आशीष कुमार ने उपद्रवियों को दो टूक चेतावनी दी. उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगाया जा सकता है. इतना ही नहीं, उन्होंने कहा – “ऐसा करने वाले दोबारा सूरज-चांद भी नहीं देख पाएंगे.”

सेंधवा वही जगह है जहां 2022 में रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव की घटना हुई थी. उस समय हुए विवाद के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दंगाइयों के घरों को तोड़ दिया था. इस घटना के बाद से सेंधवा में रामनवमी का जुलूस प्रशासन के लिए संवेदनशील मुद्दा बन गया है. इसी वजह से हर साल इस त्योहार से पहले खास सावधानी बरती जाती है. इस बार भी त्योहार से ठीक पहले शांति समिति की बैठक बुलाई गई, ताकि शांति और व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.

देशभर में तनाव का माहौल

हाल ही में संसद से वक्फ संशोधन बिल पारित होने के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और कुछ मुस्लिम संगठनों ने देशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी दी है. इस बीच रविवार को होने वाली रामनवमी से पहले देशभर के जिले हाई अलर्ट पर हैं. इसी सिलसिले में बड़वानी जिले के सेंधवा से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एसडीएम आशीष कुमार सख्त लहजे में माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं.

सेंधवा थाने में हुई शांति समिति की बैठक में एसडीएम आशीष कुमार ने साफ कहा, “अगर किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की, तो सीआरपीसी और आईपीसी जैसे सामान्य कानून तो लगेंगे ही, जरूरत पड़ी तो राज्य सुरक्षा कानून (NSA) भी लागू करेंगे. ऐसा करने वाले दोबारा सूरज-चांद नहीं देख पाएंगे.” इस बैठक में बड़वानी के पुलिस अधीक्षक, सेंधवा थाना प्रभारी, अन्य अधिकारी और शहर के जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे.

कानून-व्यवस्था पर जोर

एसडीएम ने कहा कि उनका पहला कर्तव्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों से कहा, “यहां हम बहुत प्यार से बात कर रहे हैं, लेकिन मेरा पूरा फोकस कानून-व्यवस्था पर है.” उन्होंने अशांति फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी ऐसी कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि यह चेतावनी किसी एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए है. “जिस किसी से भी गड़बड़ी की सूचना मिलेगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा,” उन्होंने जोर देकर कहा.

सेंधवा में 2022 की घटना के बाद से प्रशासन हर बार रामनवमी से पहले सतर्क हो जाता है. इस बार भी त्योहार से एक दिन पहले बुलाई गई बैठक में प्रशासन ने अपनी तैयारियों को मजबूत करने की कोशिश की. बैठक में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी शांति बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिया.


ये भी पढ़ें- वक्फ संपत्ति पर गैर-मुस्लिमों का भी अधिकार है, इससे गरीबों के लिए एक भी संस्थान नहीं खुला था: राज्यपाल आरिफ मोहम्मद


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read