अभिषेक पांडे
Nagpur Operation Thunder Ganja Seizure: नागपुर शहर पुलिस के एनडीपीएस (NDPS) सेल को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत बड़ी कामयाबी मिली है. पारडी थाना क्षेत्र के भंडारा-नागपुर हाईवे पर पुलिस ने जाल बिछाकर करीब 34 किलो गांजा बरामद किया है.
इस इंटरनेशनल ड्रग नेटवर्क के तार ओडिशा से जुड़े हैं. पुलिस ने मौके से एक ट्रक और कार को जब्त करते हुए 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. जब्त किए गए माल और गांजे की कुल कीमत 29 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है.
ट्रक और स्विफ्ट कार की सीक्रेट डीलिंग(Nagpur Operation Thunder)
जानकारी के मुताबिक, एनडीपीएस की टीम अमली पदार्थ विरोधी गश्त पर थी. इसी दौरान भंडारा-नागपुर हाईवे पर उमिया कॉम्प्लेक्स के पास शिव मंदिर के सामने पुलिस को एक अशोक लेलैंड ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं. ऐसा लग रहा था जैसे ट्रक से माल निकालकर कार में शिफ्ट किया जा रहा हो. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दोनों वाहनों को चारों तरफ से घेर लिया.
बोरियों में भरा था 34 किलो गांजा
पुलिस को देखकर गाड़ियों में मौजूद लोग सकपका गए. जब पुलिस ने पंचों (गवाहों) की मौजूदगी में ट्रक और कार की गहन तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए. वाहनों के भीतर छिपाकर रखी गई बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन करने पर वह 34 किलोग्राम निकला. पुलिस ने तुरंत गांजे की खेप को अपने कब्जे में ले लिया.
ओडिशा का ‘संबलपुर कनेक्शन’
पकड़े गए आरोपियों से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो इस पूरे ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ. जांच में सामने आया कि यह गांजा ओडिशा के संबलपुर जिले से मंगवाया गया था. तस्कर इस भारी खेप को नागपुर शहर और आसपास के इलाकों में छोटे पैडलर्स को ऊंचे दामों पर सप्लाई करने वाले थे, लेकिन उनकी डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने खेल बिगाड़ दिया.
मौके से 8 मोबाइल और गाड़ियां जब्त
पारडी पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. मौके से पुलिस ने 34 किलो गांजा, एक अशोक लेलैंड ट्रक और एक स्विफ्ट डिजायर कार
और 8 मोबाइल फोन सहित कुल 29.05 लाख रुपये का माल जब्त किया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए यह पता लगा रही है कि नागपुर में इस गांजे का असली खरीदार कौन था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



