Bijapur News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है. इन्द्रावती नदी के आसपास घने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है. खास बात यह है कि, सोने के बिस्किट और नकदी को एक स्टील के डिब्बे में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था.
सूचना पर चलाया गया सर्चिंग अभियान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ और BDS की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया.
संयुक्त टीम ने थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया.
33 सोने के बिस्किट और 24 लाख से ज्यादा नकदी
स्टील के डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले. प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है. इस तरह कुल 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है. इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले. पुलिस ने बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी नागरिकता मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को सौंपी रिपोर्ट, तुगलक रोड एसएचओ तलब
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के चलते बीजापुर जिले के अलग-अलग स्थानों से माओवादी डंप बरामद किए जा रहे हैं. अब तक की कार्रवाई में कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





