Navneet Rana Receives Death Threat: अमरावती/मुंबई: महाराष्ट्र की फायरब्रांड नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा (Navneet Rana) एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर हैं. बीजेपी नेता को जान से मारने की धमकी दी गई है. यह धमकी भरा कॉल किसी निजी नंबर पर नहीं, बल्कि सीधे पुलिस के इमरजेंसी नंबर ‘डायल 112’ पर आया है. कॉलर ने खौफनाक चेतावनी देते हुए कहा कि नवनीत राणा का हश्र भी दिवंगत नेता बाबा सिद्दिकी (Baba Siddique) जैसा किया जाएगा. इस घटना के बाद से अमरावती पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
‘बाबा सिद्दिकी की तरह ही मारेंगे’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन किया और नवनीत राणा (Navneet Rana) के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए हत्या की धमकी दी. कॉलर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जिस तरह बाबा सिद्दिकी को मारा गया, वैसे ही नवनीत राणा की भी हत्या कर दी जाएगी.” यह धमकी ऐसे वक्त में आई है, जब हाल ही में नवनीत राणा अपने एक बयान (बच्चों को जन्म देने से जुड़े) को लेकर सुर्खियों में थीं.
राजापेठ थाने में मामला दर्ज
धमकी मिलने के बाद नवनीत राणा की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. उनके निजी सुरक्षा सहायक (PA) सचिन सोनोने ने तुरंत अमरावती के राजापेठ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात कॉलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि कॉल ट्रेस की जा रही है और तकनीकी जांच (Technical Investigation) के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं. सुरक्षा के मद्देनजर राणा की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है.
ये भी पढ़ें: इंजीनियर मौत पर नोएडा से लखनऊ तक एक्शन: चला सीएम योगी का ‘हंटर’, GNIDA में 3 दिन का अल्टीमेटम
पहले भी आ चुके हैं ऐसे कॉल
यह पहली बार नहीं है जब नवनीत राणा (Navneet Rana) को टारगेट किया गया है. इससे पहले नवंबर 2025 में भी उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी. उस वक्त हैदराबाद के एक शख्स (जावेद) ने धमकी दी थी. बार-बार मिल रही धमकियों ने उनकी सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
