Nawada hen theft: बिहार के नवादा जिले से चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर स्थानीय लोगों तक को हैरान कर दिया है. हिसुआ थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर नगर में बेखौफ चोरों ने एक मुर्गी फार्म (Poultry Farm) पर धावा बोल दिया और एक-दो नहीं, बल्कि पूरी 1500 मुर्गियां चुरा ले गए. चोरी गई इन मुर्गियों की कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी जा रही है.
जाली काटी, कैमरे तोड़े और दौड़-दौड़कर पकड़ी मुर्गियां (1500 hens stolen Nawada)
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने न सिर्फ फार्म की जाली तोड़ी, बल्कि अंदर घुसकर जमकर उत्पात मचाया. फार्म में काम करने वाले गौतम कुमार ने बताया कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कुछ सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए. हालांकि, फार्म के अन्य कैमरों में उनकी यह पूरी करतूत कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो-तीन चोर कैमरे के सामने ही बेखौफ होकर दौड़-दौड़कर मुर्गियों को पकड़ रहे हैं और मुर्गियां खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भाग रही हैं.
इलाके में चर्चा: आखिर इतनी मुर्गियां गईं कहां? (1500 chickens stolen Nawada)
गौतम ने बताया कि वह पिछले तीन साल से यहां काम कर रहे हैं और पहले भी छिटपुट चोरियां होती थीं, लेकिन इतनी बड़ी वारदात पहली बार हुई है. स्थानीय लोगों के बीच अब यह बड़ा सवाल बन गया है कि आखिर रातों-रात 1500 मुर्गियां चोर कैसे और कहां ले गए? क्या उन्हें किसी मालवाहक गाड़ी में भरकर कहीं और सप्लाई कर दिया गया?
पुलिस खंगाल रही है CCTV (Nawada CCTV viral video)
चोरों के इस बेखौफ अंदाज से साफ है कि उनमें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं बचा है. हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिल गया है और पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुट गई है. पुलिस अब उन ठिकानों का भी पता लगा रही है, जहां इतनी बड़ी संख्या में चोरी की गई मुर्गियों को खपाया (सप्लाई किया) जा सकता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


