Piyush Mishra at Ranchi Protest
Ranchi Student Protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे इस आंदोलन के 16वें दिन बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता, लेखक और गायक पीयूष मिश्रा खुद छात्रों का हौसला बढ़ाने पहुंचे. उन्होंने न सिर्फ अभ्यर्थियों के बीच बैठकर उनका समर्थन किया, बल्कि दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के एक पुराने और विवादित बयान पर करारा पलटवार भी किया.
‘आरंभ है प्रचंड’ से भरा छात्रों में जोश
धरना स्थल पर पहुंचते ही पीयूष मिश्रा का अलग ही अंदाज देखने को मिला. उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गुलाल’ का आइकॉनिक गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर पूरे माहौल में नया जोश भर दिया.
मीडिया से बातचीत करते हुए पीयूष मिश्रा ने रांची आने की वजह बताई. उन्होंने कहा, ‘सोशल मीडिया पर रोते और बिलखते छात्रों के इंटरव्यू देखे थे. उनकी आंखों का दर्द मुझसे देखा नहीं गया. जैसे ही मुझे अपनी व्यस्त दिनचर्या से दो दिन की फुर्सत मिली, मैं सीधे रांची चला आया.’ उन्होंने इस आंदोलन को आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया.
नसीरुद्दीन शाह पर क्यों भड़के पीयूष?
छात्रों से बातचीत के दौरान पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के एक पुराने बयान को लेकर उन पर जमकर भड़ास निकाली. दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने एक इंटरव्यू में बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी पर तंज कसते हुए कहा था कि ‘जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी होती है, वह भौंक नहीं सकता.’
इसी बयान को याद दिलाते हुए पीयूष मिश्रा ने तीखे लहजे में कहा, ‘नसीर साहब, मैं आपका पूरा सम्मान करते हुए बस इतना पूछना चाहता हूं कि इस वक्त वो कौन से कुत्ते हैं, जिनके मुंह में हड्डी दबी हुई है और वे छात्रों के इस दर्द पर चुप बैठे हैं?’
क्या है पूरा विवाद?
गौरतलब है कि झारखंड में बीते कई दिनों से छात्र परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. पीयूष मिश्रा के इस आंदोलन में शामिल होने और नसीरुद्दीन शाह पर सीधे हमले के बाद यह मुद्दा अब और ज्यादा गरमा गया है.
ये भी पढ़ें: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल, झारखंड भर्ती परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग उठाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




