बिहार विधानसभा में वोटर लिस्ट रिवीजन मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ. नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने रिवीजन को लेकर तमाम सवाल खड़े किए. इसपर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) भड़क गए. उन्होंने तेजस्वी यादव को सलाह देते हुए अपने माता-पिता के शासन काल को देखने की बात कही.
तेजस्वी ने वोटर लिस्ट रिवीजन पर उठाए सवाल
विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने वोटर लिस्ट रिवीजन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जो वोटर्स को फॉर्म दिए जा रहे हैं, उसमें 11 डॉक्यूमेंट्स मांगे जा रहे हैं. गरीब लोग इतने सारे डॉक्यूमेंट्स कहां से लाएंगे? तेजस्वी यादव ने जब कहा कि डॉक्यूमेंट्स के मामले में बिहार फिसड्डी है, इसपर सीएम नीतीश कुमार भड़क गए.
“क्या नीतीश कुमार फर्जी तरीके से मुख्यमंत्री बने?”
आरजेडी नेता ने कहा कि हम एसआईआर का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग जिस तरह के प्रॉसेस को अपना रहा है, वो ठीक नहीं है. इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं. तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि इसी के आधार पर 2003 से चुनाव हो रहा है. क्या इसके आधार पर जो चुनाव हुआ वो फर्जी था? क्या नीतीश कुमार फर्जी तरीके से मुख्यमंत्री बने हैं?
इस बात पर नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को चुप कराते हुए बोले- “तुम बैठो पहले, तुम्हारे माता-पिता के राज में कुछ काम नहीं हुआ. हम लोगों ने कितना काम किया है, ये लोग देख रहे हैं. पहले महिलाओं के लिए कुछ नहीं हुआ था. 2005 से हम ने महिलाओं के लिए काफी काम किया.”
तेजस्वी पर भड़के Nitish Kumar
सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने तेजस्वी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि बात ये है कि अभी सब लोगों को अपनी राय देना है. अभी फिलहाल यही प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि अभी ये (तेजस्वी) बोल रहा है. उमरवा (उम्र) क्या है तुम्हारा? तुम्हारे माता-पिता मुख्यमंत्री थे, लेकिन जब हम बने तब काम हुआ. सीएम (Nitish Kumar) ने तेजस्वी से आगे कहा कि चुनाव लड़ना है इसलिए अंड-बंड बोलते रहो.
Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
