NRI दीपक ठाकुर ने सीएम सम्राट से की मुलाकात, खनन-गैस-होटल सेक्टर में करेंगे निवेश
Deepak Thakur Bihar Investment: बिहार में बेरोजगारी और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर तो बहुत बातें हो चुकी हैं. अतीत में अपना स्वर्णिम काल देख चुके इस राज्य को अब मजदूरों का घर समझा जाता है. काम नहीं मिलने से तंग आकर यहां से लोग पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत पलायन कर जाते हैं. पर अब इसपर हमेशा के लिए ब्रेक लगाने का समय आ चुका है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार और बिहारियों पर लगे इस कलंक को धोने के लिए निवेश को नया हथियार बनाया है.
इसी को देखते हुए ओमान में बसे NRI दीपक ठाकुर ने मुख्यमंत्री चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने बिहार में निवेश का ऐलान करते हुए सम्राट चौधरी की नीतियों की सराहना भी की.
ओमान देश में बसे वैशाली जिला निवासी एनआरआई दीपक ठाकुर अपने पैतृक गांव पहेतिया पहुंचे थे. जहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में अब निवेश का अनुकूल माहौल है. राज्य सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की उन्होंने सराहना की.
NDA की सरकार ने बनाया निवेश के अनुकूल माहौल
ठाकुर ने कहा कि भाजपा और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद से बिहार में उद्योग और अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सरकार विदेशों में बसे बिहारियों को भी मातृभूमि में निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है. उन्होंने कहा मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में विकास को प्राथमिकता देने पर विस्तार से चर्चा हुई. सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि बिहार को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए.
उन्होंने बताया कि उनका कारोबार ओमान, दुबई और अफ्रीका के कई देशों में फैला है. ओमान में उन्हें 25 वर्षों का अनुभव है. अब वे बिहार में खनन, इस्पात, विद्युत संयंत्र, प्राकृतिक गैस और औद्योगिक अधोसंरचना के क्षेत्र में निवेश करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने वैशाली जिले में भूमि का निरीक्षण भी किया है. गंगा किनारे प्रस्तावित मरीन ड्राइव पर 5 सितारा होटल और मॉल बनाने की भी योजना है.
फास्ट ट्रैक पर शुरू होगा काम
NRI दीपक ठाकुर ने कहा कि सरकार ने हर गुरुवार को जिला स्तर पर उद्यमियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है. उद्योग विभाग के सचिव और अन्य अधिकारियों से फास्ट ट्रैक पर काम शुरू करने को लेकर बातचीत की जाएगी. मुख्यमंत्री का निर्देश है कि उद्योग लगें और बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिले.
ये भी पढ़ें- 6 साल, 900 तारीखें और 72 गवाह…औरैया डबल मर्डर केस में अखिलेश के करीबी रहे सपा नेता को उम्रकैद
उन्होंने वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के कार्यों की भी सराहना की. दीपक ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रहा है. अधिकारियों का सकारात्मक व्यवहार और त्वरित निर्णय सराहनीय है. उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान से लोगों में देशभक्ति की भावना बढ़ी है.
भारत एक्सप्रेस के लिए पंकज चौहान की रिपोर्ट
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



