Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

23 जून को पटना में होगी विपक्षी दलों की बैठक, राहुल-ममता समेत ये नेता होंगे शामिल, बनेगी 2024 चुनाव को लेकर रणनीति!

Opposition Parties Meeting: पिछले कुछ समय से बिहार के सीएम नीतीश कुमार विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं ताकि बीजेपी के खिलाफ इन दलों को एकजुट किया जाए.

Nitish Kumar and Rahul Gandhi

बिहार के सीएम नीतीश कुमार और राहुल गांधी

Opposition Parties Meeting: बिहार की राजधानी पटना में 23 जून को विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक होगी. यह बैठक पहले 12 जून को होनी थी लेकिन अब इसकी नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है. बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बुधवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी.

ललन सिंह ने कहा कि पहले यह बैठक 12 जून को होनी थी, लेकिन कुछ नेताओं के अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण यह बैठक स्थगित कर दी गई थी. उन्होंने कहा कि अब 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक होगी, जिसमे आगे की रूपरेखा तय की जाएगी.

बैठक में ममता भी होंगी शामिल

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा एनसीपी के नेता शरद पवार, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, वामपंथी दलों के नेताओं में डी राजा, सीताराम येचुरी और दीपांकर भट्टाचार्य ने इस बैठक के लिए अपनी सहमति दी है. इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए जदयू नेता ने कहा कि देश में आज अघोषित आपातकाल लागू है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली अध्यादेश पर केजरीवाल को मिला अखिलेश का साथ, सपा प्रमुख बोले- एंटी डेमोक्रेटिक है ऑर्डिनेंस

तेजस्वी का बीजेपी पर हमला

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों को एकसाथ लाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज देश की जो स्थिति है उसमे लोकतंत्र पर प्रहार किया जा रहा है और संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है. ऐसे में भाजपा को हटाने के लिए हमसब एक साथ बैठ कर आगे की रणनीति बनाएंगे.

बता दें कि पिछले कुछ समय से बिहार के सीएम नीतीश कुमार विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं ताकि बीजेपी के खिलाफ इन दलों को एकजुट किया जाए और लोकसभा चुनाव में सत्ताधारी दल को कड़ी चुनौती दी जाए. अब देखना दिलचस्प होगा कि 23 जून को होने वाली बैठक में विपक्षी दलों का क्या रवैया रहता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital