Parliament Budget Session 2026: संसद का बजट सत्र अब पूरी तरह से सियासी अखाड़े में तब्दील हो चुका है. सोमवार सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही जो हंगामा बरपा. इसे ने एक बड़े संवैधानिक टकराव की नींव रख दी है. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (No-Confidence Motion) लाने का मन बना लिया है. विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर पक्षपात कर रहे हैं और नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है.
प्रश्नकाल में बोलने की जिद्द और हंगामा
सोमवार सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, स्पीकर ओम बिरला ने अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी. इसके तुरंत बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने देने की मांग शुरू कर दी.
स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) ने स्पष्ट कहा कि प्रश्नकाल केवल सवालों के लिए होता है. किसी अन्य विषय पर बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी. आप शून्यकाल या बजट चर्चा के दौरान अपनी बात रख सकते हैं. स्पीकर ने विपक्ष को फटकारते हुए कहा कि सदन नियोजित तरीके से गतिरोध पैदा करने के लिए नहीं है. लेकिन हंगामा नहीं थमा और सदन को 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा.
सीक्रेट मीटिंग और अविश्वास प्रस्ताव
सूत्रों ने बताया कि संसद परिसर में राहुल गांधी के साथ विपक्षी नेताओं की एक आपात बैठक हुई. लगभग सभी विपक्षी दल स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर सहमत हो गए हैं. विपक्षी सांसद जल्द ही लोकसभा महासचिव को इस बाबत आधिकारिक नोटिस सौंपने की तैयारी कर रहे हैं. विपक्ष का कहना है कि सांसदों के निलंबन और महिला सांसदों पर लगे आरोपों पर राहुल गांधी अपनी बात रखना चाहते थे, जिसे अनसुना कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: अजब-गजब पाकिस्तान की 3 शर्तें: बोला…तभी खेलेंगे मैच; इधर हो गई बांग्लादेश की एंट्री
हिमंत बिस्वा सरमा का वीडियो
संसद में हंगामे की एक और बड़ी वजह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का एक विवादित वीडियो है. असम बीजेपी के एक्स हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया था (जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया), जिसमें कथित तौर पर सीएम एक विशेष समुदाय को निशाना बनाते दिख रहे थे. कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि एक सीएम द्वारा ऐसा वीडियो बनवाना शर्मनाक है. उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





