Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

NEET विवाद पर संसद में घमासान! खड़गे के बयान के बाद हंगामा तेज, 22 जुलाई तक के लिए लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

मानसून सत्र के दूसरे दिन भी संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही भारी हंगामे के कारण नहीं चल सकी. विपक्ष का कहना है कि वे संसद में नीट परीक्षा, पेपर लीक व जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का विषय उठाना चाहते हैं.

संसद के मानसून सत्र का दूसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया. आज (मंगलवार) को लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के कारण कामकाज आगे नहीं बढ़ पाया. शोर-शराबे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार, 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.

विपक्षी दलों का कहना है कि वे संसद में NEET परीक्षा, पेपर लीक और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं. विपक्ष का आरोप है कि इन मामलों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से उठाया जाना चाहिए. इसी मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने सदन में जोरदार प्रदर्शन किया.

राज्यसभा में भी नहीं चल सका कामकाज

मंगलवार सुबह 11 बजे जैसे ही राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने NEET और पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग उठाई है. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे को लेकर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद सदन में हंगामा बढ़ गया.

स्थिति को देखते हुए सभापति की ओर से सदस्यों से शांति बनाए रखने और नियमों के अनुसार सदन चलाने की अपील की गई. हालांकि, विपक्षी सांसदों का विरोध जारी रहा. पहले राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई. इसके बाद दोबारा सदन शुरू हुआ, लेकिन माहौल नहीं बदला और कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए टालना पड़ा.

दोपहर बाद भी जब हंगामा शांत नहीं हुआ तो आखिरकार राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.

लोकसभा में विपक्ष का प्रदर्शन

लोकसभा में भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला. विपक्षी सांसदों ने NEET और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और सरकार से जवाब की मांग की. कई विपक्षी सांसद सदन के वेल तक पहुंच गए, जिसके चलते प्रश्नकाल और तय विधायी कामकाज नहीं हो पाया.

पीठासीन अधिकारियों ने कई बार सांसदों से अपनी सीटों पर वापस जाने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी. कांग्रेस सहित कई विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस देकर सामान्य काम रोककर इन मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की थी.

यह लगातार दूसरा दिन है जब संसद का कामकाज हंगामे के कारण प्रभावित हुआ है. एक ओर सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना चाहती है, वहीं विपक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर दबाव बना रहा है.

NEET परीक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है. ऐसे में आने वाले दिनों में भी संसद के मानसून सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं. अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या दोनों पक्षों के बीच सहमति बन पाती है या आगे भी सदन की कार्यवाही हंगामे की वजह से प्रभावित होती रहेगी.

ये भी पढ़ें: संसद सुरक्षा चूक केस में आरोपी सागर शर्मा को कोर्ट से बड़ी राहत, एक महीने की अंतरिम जमानत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital