Bharat Express DD Free Dish

जिस शादी में बजने थे ढोल, वहां गूंजी गोलियों की आवाज; हर्ष फायरिंग में तीन लोग घायल

Bihar Harsh Firing Case: बिहार के केसरिया थाना क्षेत्र के परसौनी जहांगीर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है.

Bihar Harsh Firing Case

Bihar Harsh Firing Case

Bihar Harsh Firing Case: बिहार के केसरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र परसौनी जहांगीर वार्ड-21 में सोमवार देर रात एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया जब हर्ष फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए. खुशियों से भरा माहौल अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया.

नशे की हालत में युवक ने की हर्ष फायरिंग

जानकारी के अनुसार, जगीराहां गांव (केसरिया थाना क्षेत्र) से बारात परसौनी जहांगीर स्थित मुकेश पाठक के घर आई थी. दरवाजा लगाने की रस्म के दौरान शादी में मौजूद कुछ युवक भोजपुरी गानों पर डांस कर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग करने वाला युवक नशे की हालत में था, जिससे हालात और भी खतरनाक हो गए.

फायरिंग में तीन लोग हुए घायल

अचानक चली गोलियों ने वहां मौजूद तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. घायलों में परसौनी जहांगीर निवासी और टेंट संचालक अनिल पासवान (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके बाएं घुटने में गोली लगी है. उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया.

पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी

वहीं, इस घटना में घायल दो अन्य लोगों में से एक को मोतिहारी रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का इलाज मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. सभी घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही अपर थानेदार अशोक राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने पुष्टि की है कि हर्ष फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल से कारतूस के खोखे हटा दिए गए थे, जिससे जांच में शुरुआती कठिनाई आई है.

यह भी पढ़ें: तेज आंधी में ई-रिक्शा पर गिरा विशाल पेड़, 5 की मौत, महिला की एक बात सुन छलक पड़े सबके आंसू

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान में जुटी हुई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शादी समारोह में अवैध हथियार कैसे लाया गया और फायरिंग के पीछे कौन लोग शामिल थे. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में होने वाली हर्ष फायरिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो अक्सर खुशी के माहौल को हादसे में बदल देती है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read