Bharat Express DD Free Dish

बिस्तर से निकला नोटों का ढेर, अलमारी में कुबेर का खजाना! बिहार में ADM-सब रजिस्ट्रार कपल के घर रेड

बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी ब्यूरो ने पटना के एडीएम रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी सब-रजिस्ट्रार पत्नी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. बेगूसराय स्थित पैतृक आवास पर हुई रेड में बिस्तरों के बीच से नकदी, सोना और दर्जनों महंगी घड़ियां बरामद हुई हैं.

Patna Raid

अफसर पति-पत्नी के घर विजिलेंस की रेड

Patna Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो (विजिलेंस) ने एक बार फिर बड़ा शिकंजा कसा है. मामला पटना में तैनात एडीएम रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी से जुड़ा है, जो दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर तैनात हैं. आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की टीमों ने इनके कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. बेगूसराय स्थित उनके पैतृक आवास पर जब टीम पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. घर के बिस्तरों और गद्दों के बीच से नोटों के ढेर और भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए हैं.

बेगूसराय से लेकर पटना तक विजिलेंस का छापा

निगरानी विभाग को लंबे समय से इस हाई-प्रोफाइल जोड़े के पास आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायतें मिल रही थीं. पुख्ता सबूत मिलने के बाद निगरानी थाने में कांड संख्या 113/26 के तहत मामला दर्ज किया गया. इसके बाद अदालत से सर्च वारंट लेकर पटना विजिलेंस डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम ने बेगूसराय शहर के पोखरिया मोहल्ला (वार्ड नंबर-37) स्थित उनके पैतृक आवास पर दोपहर करीब एक बजे अचानक धावा बोल दिया. बेगूसराय के अलावा पटना में भी उनके आधिकारिक आवास और दफ्तरों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई चल रही है.

ये भी पढ़ें- किराए के मकान में चल रहा था नकली नोटो का खेल! जम्मू से बरामद हुई फेक करेंसी, तीन गिरफ्तार

बिस्तरों से मिले नोट

छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम को बेगूसराय वाले घर से भारी मात्रा में काला धन और कीमती सामान हाथ लगा है. शुरुआती जांच में 9 लाख रुपये से अधिक नगद कैश, बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और लगभग 50 से ज्यादा ब्रांडेड एवं महंगी घड़ियां बरामद की गई हैं. कैश और जेवरात की गिनती और मिलान करने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.

डीएसपी वासुदेव राय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश पर यह तलाशी अभियान चलाया गया है. फिलहाल बेगूसराय और पटना दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों, नकदी और बेहिसाब संपत्ति की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read