बिहार की राजधानी पटना का पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन रविवार को अचानक ‘जंग के मैदान’ में तब्दील हो गया. मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया, ट्रेनों पर पथराव किया और जमकर तोड़फोड़ मचाई. परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे छात्रों का हंगामा इतना उग्र हो गया कि पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा.
क्यों भड़की गुस्से की आग?
दरअसल, बड़ी संख्या में छात्र रविवार को सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे. परीक्षा केंद्र बहुत दूर थे और ट्रेनें लेट चल रही थीं. इसी बात से नाराज होकर छात्रों का सब्र टूट गया और वे रेलवे ट्रैक पर उतर गए. कई छात्र तो ट्रैक पर ही लेट गए. इस खौफनाक बवाल के चलते राजधानी एक्सप्रेस समेत कई वीआईपी ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह ठप हो गया. कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, तो कुछ का रूट बदल दिया गया.
पथराव और बवाल
मामला बिगड़ता देख रेल आईजी जितेंद्र राणा, रेल एसपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई. उग्र छात्रों ने पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तनावपूर्ण माहौल के बीच रेल आईजी खुद हाथ में पिस्तौल लिए पुलिस बल का नेतृत्व करते नजर आए. बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग भी की.
असामाजिक तत्वों की एंट्री?
इस पूरे बवाल पर पटना के जिलाधिकारी (DM) डॉ. त्यागराजन ने बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि रेलवे ने छात्रों के लिए दो स्पेशल ट्रेनें भी स्टेशन पर खड़ी की थीं, लेकिन भीड़ में कुछ ‘असामाजिक तत्व’ घुस गए जिन्होंने जानबूझकर पथराव शुरू कर दिया. वहीं, पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा के मुताबिक, स्टेशन पर 200 से 250 छात्र मौजूद थे जो परिचालन रोक रहे थे.
ये भी पढ़ें: सायोनी-माला पर चला ममता का चला चाबुक! चाय में पड़ी मक्खी की तरह कर दिया साइड
अब कैसी है स्थिति?
पुलिस के तगड़े एक्शन के बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों को स्टेशन परिसर से खदेड़ दिया गया. फिलहाल पाटलिपुत्र स्टेशन और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात है और इलाके में ‘तनावपूर्ण शांति’ बनी हुई है. रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य कर दिया है, लेकिन पुलिस अब सीसीटीवी और वीडियो के जरिए उन उपद्रवियों की पहचान कर रही है, जिन्होंने रेलवे की संपत्ति फूंकी और पुलिस पर पत्थर चलाए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


