भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें बिहार विधान परिषद (MLC) के लिए उम्मीदवार बनाया है. पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है, जिसमें कई पुराने और नए चेहरों को जगह मिली है.
इस लिस्ट में सिर्फ पवन सिंह ही नहीं, बल्कि संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति जैसे नेताओं के नाम भी शामिल हैं. पार्टी की तरफ से यह सूची राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने जारी की.
पवन सिंह की राजनीतिक वापसी पर बड़ा दांव
पवन सिंह का राजनीतिक सफर पिछले कुछ समय से उतार-चढ़ाव भरा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्होंने बीजेपी में वापसी कर ली थी. अब पार्टी ने उन्हें MLC उम्मीदवार बनाकर एक तरह से बड़ा मौका दिया है.

इस साल हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान भी उनके नाम को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा थी, लेकिन तब उन्हें मौका नहीं मिला था. अब विधान परिषद के जरिए उनकी राजनीतिक भूमिका को फिर से मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है.
संजय मयूख को मिला दोबारा मौका
बीजेपी ने अपने मौजूदा एमएलसी संजय मयूख पर भी भरोसा जताया है और उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया है. उनका कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है, लेकिन जीत के बाद वे अगले छह साल तक फिर से विधान परिषद में रहेंगे.
संजय मयूख का नाम हाल ही में बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव संभावित उम्मीदवारों में भी चर्चा में था, जो बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी.
बिहार विधान परिषद चुनाव का पूरा गणित
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने ही बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की थी. 18 जून को मतदान होना है और नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून तय की गई है. इस चुनाव में 9 सीटों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, जिन पर नए सदस्य चुने जाएंगे.
इसके अलावा एक सीट पर उपचुनाव भी होना है, जो पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई थी. वह अब राज्यसभा के सदस्य हैं.
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो एनडीए की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. आंकड़ों के हिसाब से 9 में से 8 सीटें उसके खाते में जा सकती हैं. वहीं एक सीट पर विपक्षी गठबंधन (महागठबंधन) को बढ़त मिलती दिख रही है.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में अन्नामलाई का ‘विस्फोट’! नई पार्टी का ऐलान, जाते-जाते खोला सबसे बड़ा राज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
